“संगठन सृजन से नई ऊर्जा, पर कांग्रेस भवन की जमीन घोटाले पर हो कार्रवाई” – आदित्य दीक्षित, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष कोटा
बिलासपुर/कोटा कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान और रतनपुर में कांग्रेस भवन की प्रस्तावित भूमि घोटाले को लेकर कोटा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष *आदित्य दीक्षित* से खास बातचीत की गई। पेश हैं बातचीत के प्रमुख अंश:
सवाल: संगठन सृजन अभियान को आप कैसे देखते हैं?*
आदित्य दीक्षित: संगठन सृजन अभियान कांग्रेस के लिए संजीवनी है। बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करना समय की मांग है। कोटा ब्लॉक में भी हम युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं। पुराने-नए सभी कार्यकर्ताओं को जोड़कर हर बूथ पर 21 सदस्यीय कमेटी बना रहे हैं। जिला अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री जी के नेतृत्व में अच्छी टीम बन रही है। इससे 2026 में निश्चित ही फायदा मिलेगा।
सवाल: कोटा विधानसभा में कांग्रेस की वर्तमान स्थिति क्या है?
आदित्य दीक्षित:देखिए, कार्यकर्ताओं में उत्साह है, लेकिन हमें जमीन पर और मेहनत करनी होगी। भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता के बीच ले जाना है। गुटबाजी से ऊपर उठकर सबको एकजुट होना पड़ेगा। तभी हम कोटा सीट फिर से जीत पाएंगे।
सवाल: रतनपुर में कांग्रेस भवन के लिए प्रस्तावित जमीन के घोटाले पर आपका क्या कहना है?
आदित्य दीक्षित: यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है। महामाया चौक की वह जमीन पिछले 30 सालों से कांग्रेस भवन के लिए प्रस्तावित थी। पार्टी के ही कुछ नेताओं ने भाजपा के लोगों से मिलीभगत कर 1 करोड़ 40 लाख में उस शासकीय जमीन को बेच दिया। यह कांग्रेस के साथ गद्दारी है। जिन नेताओं ने यह पाप किया है, पार्टी को उन पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
सवाल: इस मामले में पार्टी नेतृत्व से क्या मांग करते हैं?आदित्य दीक्षित:मैं प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय नेतृत्व से मांग करता हूं कि इस पूरे घोटाले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। दोषी चाहे कितना भी बड़ा नेता हो, उसे पार्टी से निष्कासित किया जाए और कानूनी कार्रवाई हो। जब तक ऐसे भ्रष्ट लोगों पर कार्रवाई नहीं होगी, कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरेगा। महामाया की नगरी में कांग्रेस की जमीन बेचने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
सवाल: कार्यकर्ताओं को आपका क्या संदेश है?आदित्य दीक्षित:सभी साथियों से अपील है कि संगठन सृजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। लेकिन साथ ही पार्टी के अंदर के गद्दारों और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ भी आवाज उठाएं। कांग्रेस हमारी मां है, इसकी संपत्ति लूटने वालों को सबक सिखाना जरूरी है। हम सब मिलकर कोटा में फिर से कांग्रेस को मजबूत करेंगे।
आदित्य दीक्षित ने कहा कि वह जल्द ही इस घोटाले को लेकर दस्तावेजों के साथ प्रदेश नेतृत्व से मुलाकात करेंगे।
