बांका जिले की ओढ़नी डैम में बनेगी बिहार की पहली वाटर स्पोर्ट्स अकादमी- श्रेयसी सिंह

बांका जिले की ओढ़नी डैम में बनेगी बिहार की पहली वाटर स्पोर्ट्स अकादमी- श्रेयसी सिंह

=====================

 

पटना 24 दिसंबर 2025:- बांका जिले की ओढ़नी डैम में बनेगी बिहार की पहली वाटर स्पोर्ट्स अकादमी। बिहार में वाटर स्पोर्ट्स के विकास की सम्भावनाओं पर आज बिहार राज्य खेल प्राधिकरण में आयोजित एक समीक्षा बैठक के बाद बिहार की खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने इस बात की घोषणा की।

खेल मंत्री ने कहा कि पिछले सप्ताह मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और खेल मंत्री के साथ मुलाकात के बाद दोनों प्रदेशों के बीच राज्य में खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के आपसी तालमेल और सहयोग पर सहमति बनी थी। इसी सिलसिले में भोपाल स्थित इंडियन केनोइंग एंड क्याकिंग एसोसिएशन के द्वारा बिहार में वाटर स्पोर्ट्स अकादमी की स्थापना के लिए उपयुक्त स्थान के चयन के लिए कनाडा के ओलंपियन और अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञ मिस्टर जैक की अगुवाई में मुख्य प्रशिक्षक प्रदीप नायडू और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी नमिता की एक टीम यहां भेजी गई।

आगे उन्होंने कहा कि तीन दिनों तक विशेषज्ञों की टीम ने सासाराम का दुर्गावती डैम,जमुई का गढी डैम, बांका का ओढ़नी डैम तथा नवादा का हरदिया डैम का सघन निरीक्षण किया। बांका स्थित ओढ़नी डैम को कनाडा से आए विशेषज्ञ मिस्टर जैक ने अपने सर्वेक्षण रिपोर्ट में वाटर स्पोर्ट्स अकादमी के लिए सबसे उपयुक्त पाया। जैक ने कहा कि बांका का ओढ़नी डैम वाटर स्पोर्ट्स के लिए विश्व के सर्वश्रेष्ठ जगहों में से एक है। यह डैम ना सिर्फ वाटर स्पोर्ट्स अकादमी खोलने और प्रशिक्षण के लिए बेहतर है बल्कि यहां पर केनोइंग, क्याकिंग और रोइंग की राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं भी सफलता पूर्वक करायी जा सकती है l

फरवरी माह में मिस्टर जैक बिहार आयेंगे और यहां के प्रतिभावान खिलाडियों के चयन, उनके प्रशिक्षण और वाटर स्पोर्ट्स अकादमी के लिए जरूरी उपकरणों और जेटिस जैसी आधारभूत संरचनाओं के निर्माण में सहयोग करेंगे।

इस वाटर स्पोर्ट्स अकादमी में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सभी सुविधाओं से युक्त ,खिलाड़ियों के प्रशिक्षण,उपकरण से लेकर उनके रहने तक की स्तरीय व्यवस्था की जाएगी जिससे बिहार के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के साथ मेडल जीत कर राज्य और देश का नाम रोशन कर सकेंगे।

मंत्री जी ने ओलंपियन विशेषज्ञ जैक को अंग वस्त्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।

आज की बैठक में खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह, कनाडा से आए ऑलंपियन जैक, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवीन्द्रण शंकरण, निदेशक श्री रविंद्र नाथ चौधरी,उप निदेशक श्री हिमांशु सिंह सहित इंडियन केनोइंग और क्याकिंग एसोसिएशन के मुख्य प्रशिक्षक प्रदीप नायडू और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी नमिता,बिहार केनोइंग और क्याकिंग एसोसिएशन के सचिव श्री पंकज कुमार ज्योति भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *