भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी होगी और सख्त: मुख्य सचिव ने की समीक्षा, जयनगर नेपाली रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण

नकली नोट, साइबर फ्रॉड, मादक पदार्थ तस्करी पर जीरो टॉलरेंस; 5 करोड़ का गांजा जब्त, 286 वाइब्रेंट विलेज में योजनाएं तेज करने का निर्देश

मधुबनी, 23 अप्रैल, 2026:

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में बुधवार को भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया। बैठक के बाद मुख्य सचिव ने वरीय अधिकारियों के साथ जयनगर नेपाली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

समीक्षा के दौरान जाली भारतीय मुद्रा के प्रसार, साइबर फ्रॉड, अवैध दूरसंचार, म्यूल खातों के बढ़ते उपयोग तथा फर्जी कंपनियों के संचालन पर गंभीर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया। मादक पदार्थों की तस्करी पर एनडीपीएस एक्ट को सख्ती से लागू करने को कहा। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने बताया कि पिछले पांच दिनों में सूखा नशा के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया गया, जिसमें करीब 5 करोड़ रुपए कीमत का 1000 किलो गांजा जब्त किया गया।

मुख्य सचिव ने कहा कि विधि-व्यवस्था को लेकर सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति है। उन्होंने डीएम-एसपी को अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को चिह्नित कर स्पीडी ट्रायल से सजा दिलवाने का निर्देश दिया। एसएसबी के अधिकारियों को बॉर्डर पर पेट्रोलिंग और बढ़ाने को कहा गया।

मुख्य सचिव ने मधुबनी के सभी 286 वाइब्रेंट विलेज में चयनित योजनाओं को त्वरित गति से धरातल पर उतारने का निर्देश दिया, ताकि ये विकसित गांव की श्रेणी में आ सकें। उन्होंने कहा कि सभी ग्राम सभाओं में एसएसबी के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। अंतरराष्ट्रीय सीमा से 15 किमी के दायरे में सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण पर हो रही कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।

बैठक के बाद मुख्य सचिव ने जयनगर नेपाली रेलवे स्टेशन पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम और आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में डीजीपी विनय कुमार, अपर मुख्य सचिव (गृह) अरविंद कुमार चौधरी, डीजी कुंदन कृष्णन, आयुक्त हिमांशु कुमार राय, डीएम आनंद शर्मा, एसपी योगेंद्र कुमार, एसएसबी के कमांडेंट गोविंद सिंह भंडारी सहित कोंकण रेलवे के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *