गुमला: शिक्षा के क्षेत्र में गुमला जिला ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। झारखंड अधिविद्य परिषद की 10वीं बोर्ड परीक्षा में 99.32% रिजल्ट के साथ गुमला पूरे राज्य में पहले स्थान पर रहा।
जिले से 13,760 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 13,667 उत्तीर्ण हुए। रिकॉर्ड 10,254 बच्चों ने प्रथम श्रेणी हासिल की। स्टेट सेकेंड टॉपर में भी जिले के दो विद्यार्थी शामिल हैं।इस सफलता के पीछे जिला प्रशासन की सुदृढ़ रणनीति और ‘बोर्ड परीक्षा विजय अभियान’ रहा। पूर्व उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित और वर्तमान उपायुक्त दिलेश्वर महतो के नेतृत्व में जिला कंट्रोल यूनिट, कोर टीम और सभी पदाधिकारियों ने नियमित मॉनिटरिंग की। उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि यह टीम वर्क, शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों की लगन का परिणाम है। 12वीं में भी यही प्रदर्शन दोहराने का विश्वास जताया।प्री बोर्ड परीक्षा, रेमेडियल कक्षाएं, मॉडल प्रश्नों का अभ्यास और शीतकालीन गृहकार्य जैसे नवाचारों ने नतीजों को बेहतर बनाया।
