बिहार में 2.36 करोड़ लोगों की TB जांच! 87 हजार मरीज मिले, टीबी मुक्त बिहार की बड़ी तैयारी

टीबी मुक्त बिहार के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : डॉ. अनुपमा सिंह
पटना, 20 अगस्त। बिहार को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से पटना में टीबी मुक्त भारत अभियान पर मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार की ओर से ग्लोबल हेल्थ स्ट्रेटजीज के सहयोग से आयोजित कार्यशाला में टीबी उन्मूलन अभियान की उपलब्धियों और भविष्य की रणनीति पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में बताया गया कि 2 जुलाई 2026 से चलाए गए विशेष अभियान में एक करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग के लक्ष्य के मुकाबले 2.36 करोड़ से अधिक लोगों की टीबी जांच की गई। इस दौरान 87,623 से अधिक टीबी मरीजों की पहचान हुई, जिनमें 21,550 ऐसे मरीज थे, जिनमें टीबी के लक्षण नहीं थे।
अधिकारियों के अनुसार, बिहार में टीबी की जांच को प्रभावी बनाने के लिए 487 फिक्स्ड एक्स-रे और 101 एआई-सक्षम पोर्टेबल एक्स-रे मशीनें कार्यरत हैं। राज्य में 651 मॉलिक्यूलर जांच मशीनें भी उपलब्ध हैं। वर्ष 2025 में राज्य की 547 पंचायतों को टीबी मुक्त प्रमाण पत्र मिला।
अपर कार्यपालक निदेशक डॉ. अनुपमा सिंह ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए सरकारी और निजी क्षेत्र के साथ-साथ मीडिया और समुदाय की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने मीडिया से टीबी की रिपोर्टिंग में आंकड़ों के साथ मरीजों की मानवीय कहानियों और समाधान पर भी ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों तक यह संदेश पहुंचना चाहिए कि टीबी का इलाज संभव है और मरीजों को अपना उपचार बीच में नहीं छोड़ना चाहिए।
कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पांडेय ने बताया कि समुदाय आधारित स्क्रीनिंग, आधुनिक जांच तकनीक, मरीजों का नियमित फॉलोअप और गुणवत्तापूर्ण उपचार टीबी उन्मूलन की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यशाला में अपर निदेशक सह राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी (यक्ष्मा) डॉ. बी.के. मिश्र ने टीबी मरीजों की समय पर पहचान, जांच और उपचार की निरंतर निगरानी को जरूरी बताया। उन्होंने टीबी से जुड़े भ्रम और सामाजिक कलंक को दूर करने में मीडिया की सक्रिय भूमिका की अपील की।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, राज्य स्वास्थ्य समिति, विश्व स्वास्थ्य संगठन सहित विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि और राज्य स्तरीय मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *