बिहार के 700 मॉडल स्कूलों में छात्राओं की 75% उपस्थिति अनिवार्य, शिक्षा विभाग ने जारी किए निर्देश

पटना। बिहार में सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में विकसित 700 मॉडल स्कूलों के बेहतर संचालन के लिए शिक्षा विभाग ने नए निर्देश जारी किए हैं। विभाग के सचिव राजीव रौशन ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने को कहा है।
निर्देश के अनुसार, इन विद्यालयों में छात्राओं की 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, मॉडल स्कूलों को यथासंभव पुलिसकर्मियों के ठहरने का केंद्र नहीं बनाने और इन विद्यालयों में परीक्षा केंद्र स्थापित नहीं करने को कहा गया है।
जिन विद्यालयों में लिपिक और परिचारी के पद रिक्त हैं, वहां नजदीकी विद्यालयों से कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। विद्यालयों में चेतना सत्र का नियमित संचालन और वाद्य यंत्रों का उचित उपयोग सुनिश्चित करने के साथ निगरानी के लिए जिलाधिकारी अपने स्तर से एक पदाधिकारी नामित करेंगे।
इसके अलावा, कक्षा नौवीं में अनुत्तीर्ण छात्र-छात्राओं के लिए विशेष कक्षाएं आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। शिक्षा विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को इन निर्देशों को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *