बिहार में तीन प्रमुख सड़क परियोजनाओं की तैयारी को कैबिनेट की मंजूरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने जताया आभार

पटना, 29 अक्टूबर। बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 43 प्रस्तावों को स्वीकृति दिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने इन निर्णयों को राज्य के विकास, आधारभूत संरचना के विस्तार और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
शिक्षा मंत्री ने विशेष रूप से गंगा और गंडक नदी के किनारे प्रस्तावित तीन प्रमुख सड़क परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए कंसल्टेंट नियुक्त करने और संबंधित खर्च की स्वीकृति का स्वागत किया।
इन परियोजनाओं में दिरहारा से डुमरिया घाट तक 73.51 किलोमीटर लंबा नारायणी एक्सप्रेसवे, 56 किलोमीटर लंबा बिदुपुर-दिघवारा गंगा अंबिका पथ और मनेर से बक्सर तक 90 किलोमीटर लंबा विश्वामित्र पथ शामिल है।
मिथिलेश तिवारी ने कहा कि इन परियोजनाओं से सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी और आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा। इससे व्यापार, पर्यटन, आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और कैबिनेट के सहयोगी मंत्रियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि आधारभूत संरचना के विकास से जुड़े ये निर्णय बिहार की प्रगति को नई गति प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *