सुनील भारती मित्तल को फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, भारत-फ्रांस आर्थिक संबंधों में योगदान की सराहना

पटना, 29 अक्टूबर। भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुनील भारती मित्तल को भारत और फ्रांस के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने तथा दूरसंचार, डिजिटल अवसंरचना और उपग्रह संचार के क्षेत्र में योगदान के लिए फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल ‘नेशनल ऑर्डर ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया गया। भारत में फ्रांस के राजदूत थिएरी माथू ने 28 अक्टूबर को फ्रांस निवास में आयोजित समारोह में उन्हें इस सम्मान का प्रतीक चिह्न प्रदान किया।
सम्मान स्वीकार करते हुए सुनील भारती मित्तल ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फ्रांस के साथ उनका व्यावसायिक जुड़ाव 1992 में एयरटेल की स्थापना के समय शुरू हुआ था। उस दौरान फ्रांसीसी कंपनी कॉम्पैनी जेनराल देज़ो ने भारत में मोबाइल टेलीफोनी की शुरुआत के लिए भारती के साथ साझेदारी की थी। उन्होंने भारत और फ्रांस के आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी जताई।
फ्रांसीसी राजदूत थिएरी माथू ने कहा कि मित्तल ने विभिन्न फ्रांसीसी कंपनियों के साथ सहयोग और यूटेलसैट में निवेश के माध्यम से दोनों देशों के आर्थिक एवं रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
अंतरिक्ष और डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत-फ्रांस सहयोग बढ़ने के बीच यह सम्मान दोनों देशों के बीच व्यापारिक साझेदारी और रणनीतिक संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *