राष्ट्रीय जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता में दिल्ली और तेलंगाना की शानदार जीत


शाम के सत्र में दिल्ली ने पश्चिम बंगाल को 83-41 से हराया, बिहार सरकार के परिवहन मंत्री दामोदर राउत ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
पटना, 2 नवंबर 2026। राजधानी पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित 52वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता-2026 के मुकाबलों में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। प्रतियोगिता के शाम के सत्र में विभिन्न राज्यों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
शाम के सत्र के मुकाबलों में तेलंगाना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड को 62-33 अंकों से पराजित किया। वहीं ओडिशा की टीम ने त्रिपुरा को 57-24 अंकों से हराया। पुडुचेरी ने केरल को 61-31 अंकों से शिकस्त दी, जबकि दिल्ली की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए पश्चिम बंगाल को 83-41 अंकों के बड़े अंतर से पराजित किया।
प्रतियोगिता के शाम के सत्र में बिहार सरकार के परिवहन मंत्री दामोदर राउत भी उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मंत्री ने विभिन्न राज्यों से पधारे कबड्डी संघ के पदाधिकारियों को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया।
गौरतलब है कि 1 से 4 नवंबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की जूनियर बालक कबड्डी टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *