पटना, 2 नवंबर 2026। राष्ट्रीय खेल मंच पर बिहार के युवा ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाया है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में 22 से 26 अक्टूबर तक आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय ताइक्वांडो अंडर-17 बालक एवं बालिका प्रतियोगिता में बिहार के खिलाड़ियों ने एक रजत और तीन कांस्य सहित कुल चार पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों एवं संबंधित संस्थाओं के लगभग 3500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इतने बड़े स्तर की प्रतियोगिता में बिहार के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट खेल कौशल को दर्शाती है।
पदक विजेताओं में नवादा के आरूष आरिदमान ने 38-41 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया। वहीं, लखीसराय की अमिषा पटेल ने 35-38 किलोग्राम भार वर्ग, शेखपुरा के हिमांशु कुमार ने 48-51 किलोग्राम भार वर्ग तथा औरंगाबाद के कुमार शिवम प्रजापति ने 59-63 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर बिहार का नाम रोशन किया।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर चार पदक जीतना बिहार के लिए गौरव की बात है। यह खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और राज्य में विकसित हो रही खेल संस्कृति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों से राज्य के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
इस प्रतियोगिता में बिहार बालक दल के प्रशिक्षक अमरेन्द्र कुमार, बालिका दल की प्रशिक्षिका खुशबू कुमारी तथा टीम प्रबंधक मुन्ना कुमार की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बिहार के खिलाड़ियों की इस सफलता से खेल जगत में खुशी का माहौल है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह उपलब्धि राज्य में उभरती खेल प्रतिभाओं और उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर एक सकारात्मक संकेत है।
राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में बिहार का शानदार प्रदर्शन, खिलाड़ियों ने जीते चार पदक
