4 दिसंबर से सजेगा पटना पुस्तक मेला, 350 से अधिक कार्यक्रमों के साथ साहित्य और संस्कृति का महाकुंभ

पटना,गांधी मैदान में 12 दिनों तक चलने वाले पुस्तक मेला में एक बार फिर साहित्य, संस्कृति, कला और ज्ञान का उत्सव लेकर लौट रहा है। सेंटर फॉर रीडरशिप डेवलपमेंट (सीआरडी) की ओर से आयोजित 42वां पटना पुस्तक मेला इस वर्ष 4 से 15 दिसंबर तक गांधी मैदान में आयोजित किया जाएगा। भारत के प्रमुख पुस्तक मेलों में शामिल इस आयोजन में इस बार 350 से अधिक नए कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
सीआरडी पटना पुस्तक मेला के अध्यक्ष एवं चर्चित साहित्यकार रत्नेश्वर ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष पुस्तक मेले की थीम ‘जॉय ऑफ रीडिंग, बियॉन्ड बुक्स’ रखी गई है। इस बार का आयोजन बिहार गीत के रचयिता एवं लोककवि श्री सत्यनारायण को समर्पित होगा। पुस्तक मेला केवल किताबों की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि साहित्य, कला, सिनेमा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक संवाद का व्यापक मंच बनेगा।
युवाओं के लिए होंगे विशेष आयोजन
इस बार युवाओं को ध्यान में रखते हुए कई विशेष कार्यक्रम तैयार किए गए हैं। ‘चिट्ठियां’ कार्यक्रम में ऐसी चर्चित चिट्ठियों का पाठ होगा, जिन्हें लिखा और पढ़ा तो गया, लेकिन उनका प्रभाव आज भी लोगों के मन में कायम है। डॉ. विमलेन्दु के साथ शहर के युवा अपनी पसंदीदा या स्वयं लिखी चिट्ठियां साझा करेंगे।
डॉ. वरुण के संयोजन में आयोजित ‘यूथ पोडियम’ में राजनीति, कला, साहित्य, संस्कृति और बदलते सामाजिक परिवेश में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा। वहीं उत्कर्ष आनंद के संयोजन में ‘शब्दांकुर’ कार्यक्रम के तहत युवा अपनी कविता, कहानी और व्यंग्य रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। चयनित रचनाकार को शब्दांकुर पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
स्वाद, हुनर और सिनेमा का भी मिलेगा आनंद
पुस्तक मेले में इस बार ‘स्वाद विहार’ विशेष आकर्षण होगा। आशीष कुमार के संयोजन में बिहार के पारंपरिक व्यंजनों के साथ देश के चुनिंदा व्यंजनों का स्वाद भी मिलेगा। यहां एक विशेष फूड लाउंज बनाया जाएगा, जहां पुस्तक प्रेमी चाय की चुस्कियों के साथ अपनी पसंदीदा किताबें पढ़ सकेंगे।
स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए ‘हुनर’ कार्यक्रम आयोजित होगा। अंजनी धर के संयोजन में कहानी, माइम शो, वेस्ट क्राफ्ट, सेल्फी चैलेंज, कलर लस्ट, ब्रेन ड्रेन और जैम गेम जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें 70 से अधिक स्कूलों के लगभग पांच हजार बच्चों के शामिल होने की संभावना है।
फिल्म प्रेमियों के लिए ‘सिनेमा-उनेमा’ फिल्म फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। इसके लिए पुस्तक मेला परिसर में विशेष सिनेमा हॉल बनाया जाएगा। कुमार रविकांत के संयोजन में प्रतिदिन फीचर फिल्म, शॉर्ट फिल्म और वृत्तचित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। साथ ही फिल्म कलाकारों और विशेषज्ञों के साथ संवाद भी होगा।
साहित्य, कला और स्वास्थ्य पर भी होगा संवाद
पुस्तक मेले में प्रतिदिन ‘काव्यकथा’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश के चर्चित कवि और कथाकार अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। भव्य कवि सम्मेलन, ‘जनसंवाद’, ‘युवा स्वर’, ‘नयी किताब’, ‘स्वास्थ्य-संवाद’ और ‘बिहार संवादी’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे।
डॉ. विकास शंकर के संयोजन में स्वास्थ्य संवाद आयोजित होगा, जिसमें देश के प्रमुख विशेषज्ञ डॉक्टर आम लोगों से सीधे बातचीत करेंगे।
इसके अलावा मुकेश कुमार के संयोजन में भव्य कला दीर्घा बनाई जाएगी। इसमें युवा कलाकारों, लोक कलाकारों, वरिष्ठ कलाकारों और पद्म पुरस्कार से सम्मानित बिहार के कलाकारों की कृतियों की प्रदर्शनी लगेगी। प्रत्येक दिन कला से जुड़े विषयों पर विमर्श और कलाकारों का सम्मान भी किया जाएगा।
‘नुक्कड़ के रंग’ कार्यक्रम में पटना के प्रमुख कॉलेजों के विद्यार्थी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करेंगे। वहीं ‘स्कूल उत्सव’ में विभिन्न स्कूलों के बच्चे गीत, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे।
200 स्टॉल पर मिलेंगी देशभर की किताबें
इस वर्ष पटना पुस्तक मेले में लगभग 200 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें प्रभात प्रकाशन, राजकमल प्रकाशन, वाणी प्रकाशन, ज्ञानपीठ, उपकार प्रकाशन, हिन्द युग्म, साहित्य अकादमी, एनसीपीयूएल, रेखता फाउंडेशन, इमारते शरिया, ओसवाल बुक्स एंड लर्निंग, एमटीजी बुक्स सहित कई प्रतिष्ठित प्रकाशक और संस्थान भाग लेंगे।
आयोजन में देशभर के चर्चित लेखक, कवि, पत्रकार, साहित्यकार और शिक्षाविद भी शामिल होंगे। इस बार का पटना पुस्तक मेला साहित्यिक गतिविधियों के साथ युवाओं की रचनात्मकता, बच्चों की प्रतिभा, कला, सिनेमा और सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर लाने की तैयारी में है।
कुल मिलाकर 4 से 15 दिसंबर तक गांधी मैदान में आयोजित होने वाला पटना पुस्तक मेला पुस्तक प्रेमियों, विद्यार्थियों, लेखकों और कला-संस्कृति में रुचि रखने वाले लोगों के लिए एक बड़े उत्सव के रूप में सामने आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *