बेगूसराय की रिया कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया देश का मान, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के डीजी रवींद्रण शंकरण ने अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न देकर किया अभिनंदन।
पटना, 2 नवंबर 2026। कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य एवं बिहार के बेगूसराय जिले की बेटी रिया कुमारी का सोमवार को राजधानी पटना पहुंचने पर सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया। उनकी इस उपलब्धि से बिहार के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित 52वीं राष्ट्रीय जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप के दौरान बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवींद्रण शंकरण ने रिया कुमारी को अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर रवींद्रण शंकरण ने रिया कुमारी की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा होना बिहार के लिए गर्व की बात है। रिया ने अपने शानदार प्रदर्शन से देश और राज्य का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता बिहार की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
उन्होंने रिया कुमारी को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिहार की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव जितेंद्र पी. ठाकुर तथा बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह भी उपस्थित रहे।
बेगूसराय की बेटी रिया कुमारी की यह उपलब्धि बिहार की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने राज्य की बेटियों के लिए सफलता की नई मिसाल पेश की है।
कॉमनवेल्थ कबड्डी में गोल्ड जीतने वाली बिहार की बेटी रिया कुमारी का पटना में सम्मान
