अंजुमन इस्लामिया गुमला की कार्यकारिणी समिति भंग, नए चुनाव की प्रक्रिया शुरू

गुमला | 18 जुलाई
अंजुमन इस्लामिया गुमला के नाजिम-ए-आला मो. खलील अशरफी ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) गुमला को आवेदन देकर जानकारी दी है कि संस्था का वर्तमान कार्यकाल 18 जुलाई को समाप्त हो गया है। इसके साथ ही अंजुमन इस्लामिया की कार्यकारिणी समिति (मजलिस-ए-आमला) को भंग कर दिया गया है तथा नए सत्र के चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की गई है।
आवेदन में कहा गया है कि पिछला आम चुनाव 19 जुलाई 2023 को हुआ था, जिसमें नाजिम-ए-आला, सदर और सचिव पद के लिए निर्वाचन संपन्न हुआ था। निर्वाचित पदाधिकारियों को जारी प्रमाण-पत्र पर चुनाव प्रभारी के साथ तत्कालीन जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी एवं जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त मजिस्ट्रेट गुलाम समदानी के हस्ताक्षर भी अंकित थे।
मो. खलील अशरफी के अनुसार, नए चुनाव की तैयारी के तहत 22 जुलाई को पंचायतों के सदर एवं सचिवों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद 24 जुलाई को अंजुमन इस्लामिया चुनाव समिति का गठन किया जाएगा, जो आगामी चुनाव कार्यक्रम की रूपरेखा तय करेगी।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी दावा किया गया है कि कार्यकाल समाप्त होने के बाद वर्तमान कार्यवाहक सदर मुशाहिद आजमी उर्फ पम्मू वकील तथा कार्यवाहक सचिव अधिवक्ता मकसूद आलम स्वयं को पांच वर्षों तक पद पर बने रहने की बात कह रहे हैं। इस पर मुस्लिम समुदाय के एक वर्ग में नाराजगी होने का दावा किया गया है।
आवेदन में आशंका जताई गई है कि चुनाव समिति के गठन की प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किया जा सकता है। इस संबंध में प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने की मांग की गई है

me

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *