पटना। बिहार में विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने भू-अर्जन कार्यों की जिलावार समीक्षा की। 16 अक्टूबर को पटना के शास्त्रीनगर स्थित राजस्व (सर्वे) प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित बैठक की अध्यक्षता भू-अर्जन निदेशक कमलेश कुमार सिंह ने की।
बैठक में पीएमजी, रेलवे, एनएचएआई और औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित भू-अर्जन मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर बाधाओं को दूर करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण और भू-अर्जन से जुड़े न्यायालयीन मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। सभी जिला भू-अर्जन पदाधिकारियों को कार्यालयों में उपलब्ध अभिलेखों की स्कैनिंग पूरी करने तथा न्यायालय के निर्देशों का निर्धारित समय-सीमा में अनुपालन करने को कहा गया।
बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ एनएचएआई, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तथा अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
विकास परियोजनाओं के भू-अर्जन में तेजी लाने का निर्देश, भूमि रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण पर जोर
