वर्ल्ड-एशियन यूथ में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व`
पटना, 4 जुलाई:
महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित 39वीं नेशनल अंडर-07 ओपन चेस चैंपियनशिप में बिहार के 7 वर्षीय रुद्र प्रताप ने इतिहास रच दिया। रुद्र ने लगातार 8 मैच जीतकर नेशनल खिताब अपने नाम किया और एक राउंड पहले ही चैंपियन बन गए।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि इस शानदार प्रदर्शन के लिए रुद्र को चैंपियन ट्रॉफी के साथ 50,000 रुपये का नकद पुरस्कार भी मिला।
श्री शंकरण ने बताया कि रुद्र ने हाल ही में पटना में हुई बिहार ओपन फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता में भी अंडर-7 चैंपियनशिप और 5000 रुपये जीते थे। वहां उन्होंने जिम्बाब्वे के इंटरनेशनल मास्टर के साथ ड्रा खेलकर सबको चौंका दिया था।
इस ऐतिहासिक जीत के बाद रुद्र प्रताप का चयन वर्ल्ड और एशियन यूथ चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए भी हुआ है। उनकी इस उपलब्धि पर खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और बिहार चेस एसोसिएशन ने बधाई दी है।
