बिहार में सरकारी दवाओं की कालाबाजारी पर बड़ा एक्शन! 40 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी, पटना में दवा दुकानों पर कार्रवाई

पटना। बिहार में सरकारी दवाओं की अवैध बिक्री और दुरुपयोग के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बिहार राज्य औषधि नियंत्रण विभाग की ओर से मंगलवार को राज्यव्यापी विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान राज्य के 40 से अधिक स्थानों पर दवा दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।
विभाग को सूचना मिली थी कि सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को बीएमएसआईसीएल के माध्यम से आपूर्ति की जाने वाली सरकारी दवाएं कुछ निजी मेडिकल दुकानों में अवैध रूप से बेची जा रही हैं। इसी सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
इस अभियान में पटना, गया, सासाराम, छपरा, पूर्णिया, मुंगेर, भागलपुर, दरभंगा, सहरसा, नवादा, बक्सर सहित कई जिलों में छापेमारी की गई। जांच के दौरान अधिकांश स्थानों से अनियमितता की रिपोर्ट मिली है। संबंधित दुकानदारों से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है तथा लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
वहीं, पटना के प्रसिद्ध जीएम रोड दवा मंडी में तीन विशेष टीमों ने छापेमारी की। इस दौरान तीन दवा दुकानों से संबंधित कुल 48 दवाओं के संबंध में फॉर्म-15 जारी कर उनकी बिक्री पर रोक लगाई गई। साथ ही गुणवत्ता जांच के लिए तीन दवाओं के नमूने भी लिए गए।
इसके अलावा पटना के लोहानीपुर स्थित मेसर्स एंडिसन्स फार्मिक्स नामक दवा निर्माण इकाई पर केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन और बिहार औषधि नियंत्रण विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। जांच में बिना वैध लाइसेंस के दो प्रकार की दवाओं का निर्माण किए जाने का मामला सामने आया। टीम ने 18 हजार 140 रुपये मूल्य की दवाएं और उनकी पैकिंग सामग्री जब्त की।
विभाग ने संबंधित इकाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही स्पष्ट किया है कि सरकारी दवाओं की अवैध बिक्री, बिना लाइसेंस दवा निर्माण और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ राज्यभर में छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *