पटना। बिहार को देश के प्रमुख निवेश केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 के आउटरीच कार्यक्रम के तहत उद्योग विभाग, बिहार सरकार की ओर से बेंगलुरु में इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन किया गया। उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में 125 से अधिक उद्योग जगत के प्रमुख व्यक्तियों, निवेशकों और विभिन्न क्षेत्रों के हितधारकों ने भाग लिया।
बैठक में बिहार में निवेश की संभावनाओं और औद्योगिक विकास के अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई। विशेष रूप से सेमीकंडक्टर, आईटी एवं आईटीईएस, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC), टेक्सटाइल, कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) और फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता के स्वागत संबोधन से हुई। इसके बाद बिहार में प्रस्तावित इलेक्ट्रॉनिक सिटी को लेकर प्रस्तुति दी गई। उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने राज्य की औद्योगिक नीतियों, निवेश के अवसरों और भविष्य के औद्योगिक विजन की जानकारी दी।
इस अवसर पर उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार की औद्योगिक कहानी नए सिरे से लिखी जा रही है। उन्होंने बेंगलुरु के उद्योगपतियों और निवेशकों को बिहार में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार निवेशकों को हर स्तर पर सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने प्रस्तावित इलेक्ट्रॉनिक सिटी को बिहार की औद्योगिक महत्वाकांक्षा का महत्वपूर्ण प्रतीक बताया।
वहीं उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार में भूमि, प्रतिभा और अनुकूल नीतिगत समर्थन उपलब्ध है। सरकार निवेशकों को स्पष्ट रोडमैप और समर्पित टीम उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारा जा सके।

कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने बिहार सरकार के अधिकारियों से सीधे संवाद कर निवेश की संभावनाओं और औद्योगिक नीतियों की जानकारी प्राप्त की।
गौरतलब है कि बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 का आयोजन 17 और 18 फरवरी 2027 को बिहार में प्रस्तावित है। इससे पहले देश के नौ शहरों में रोडशो आयोजित कर निवेशकों को बिहार की औद्योगिक क्षमता और निवेश के अवसरों से अवगत कराया जाएगा।
बेंगलुरु में आयोजित यह इन्वेस्टर्स मीट बिहार में औद्योगिक निवेश बढ़ाने और राज्य को नए निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
बेंगलुरु में बिहार का निवेश रोडशो, 125 से अधिक उद्योगपतियों ने लिया हिस्सा; सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक सिटी पर विशेष फोकस
