पटना/हाजीपुर। छठ महापर्व संपन्न होने के बाद यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया।
रेल मंत्री ने वार रूम से विभिन्न रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीडिंग के जरिए भीड़ की स्थिति की निगरानी की। इस दौरान पटना, दानापुर, राजेंद्र नगर टर्मिनल, सहरसा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और जयनगर सहित प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों के दबाव की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अत्यधिक भीड़ वाले स्टेशनों पर ट्रेनों का सुचारू परिचालन सुनिश्चित करने के साथ यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।
रेलवे ने इस वर्ष यात्रियों की भीड़ नियंत्रित करने के लिए होल्डिंग एरिया की संख्या बढ़ाकर 44 स्टेशनों तक कर दी है, जबकि पिछले वर्ष यह सुविधा 25 स्टेशनों पर उपलब्ध थी।
यात्रियों की सुविधा के लिए छठ पूजा के अगले दिन पूर्व मध्य रेल द्वारा 50 स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया गया, जबकि पिछले वर्ष इसी दिन 38 स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं। इसके अलावा नवंबर महीने के अंत तक यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेनों का परिचालन जारी रहेगा।
यात्री सुरक्षा को लेकर रेलवे सुरक्षा बल को अलर्ट रखा गया है। कुछ प्रमुख स्टेशनों पर डॉग स्क्वायड, चिकित्सा दल और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती भी की गई है।
रेल मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
