पटना। बच्चों के बेहतर भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सही स्कूल का चयन अभिभावकों के सामने एक महत्वपूर्ण चुनौती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पटना के लेमन ट्री प्रीमियर होटल में 28 और 29 नवंबर को प्रीमियर स्कूल्स एग्जीबिशन (पीएसई) का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी का उद्घाटन जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव हर्षवर्धन सिंह ने किया।
प्रदर्शनी में देश के 35 से अधिक प्रतिष्ठित बोर्डिंग स्कूल भाग ले रहे हैं। सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार और आसपास के राज्यों के अभिभावकों को देश के विभिन्न हिस्सों में संचालित प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
प्रदर्शनी में पारंपरिक प्रतिष्ठित स्कूलों के साथ आधुनिक सुविधाओं वाले संस्थान, इंटरनेशनल स्कूल तथा अंतरराष्ट्रीय पाठ्यक्रम उपलब्ध कराने वाले विद्यालय भी शामिल हैं। अभिभावक यहां स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम, हॉस्टल सुविधाओं, बच्चों की सुरक्षा, खेलकूद, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और प्रवेश प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

इस आयोजन की खासियत यह है कि अभिभावकों को स्कूलों के प्रिंसिपल, प्रमुख और वरिष्ठ प्रवेश अधिकारियों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा। श्रीयूसबरी इंटरनेशनल स्कूल इंडिया और यूनिसन वर्ल्ड स्कूल सहित कई प्रतिष्ठित संस्थान प्रदर्शनी में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।
आयोजकों का कहना है कि बोर्डिंग स्कूलों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुशासन, आत्मनिर्भरता, जिम्मेदारी, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर मिलता है। आवासीय वातावरण बच्चों के व्यक्तित्व के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
बिहार में बोर्डिंग शिक्षा के प्रति बढ़ती रुचि के बीच यह प्रदर्शनी अभिभावकों के लिए एक उपयोगी मंच साबित हो रही है। इसका उद्देश्य बच्चों की रुचि, क्षमता और भविष्य के लक्ष्यों के अनुरूप बेहतर शैक्षणिक विकल्प चुनने में अभिभावकों की मदद करना है।
पटना में प्रीमियर स्कूल्स एग्जीबिशन का शुभारंभ, 35 से अधिक प्रतिष्ठित बोर्डिंग स्कूलों ने लिया हिस्सा
