कोलकाता, 22 अगस्त। राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम के घटक-बी के तहत सहकारिता के माध्यम से डेयरी विकास के लिए आयोजित क्षेत्रीय कार्यशाला में बिहार की डेयरी सहकारी समितियों की उपलब्धियों की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की गई। 21 अगस्त को कोलकाता में आयोजित इस कार्यशाला को बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव तथा कॉम्फेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक श्री शीर्षत कपिल अशोक, आईएएस ने संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि “विश्वास और पारदर्शिता” डेयरी सहकारी समितियों के सतत विकास का मुख्य आधार है। उन्होंने बताया कि कॉम्फेड एवं संबद्ध दुग्ध संघों द्वारा दुग्ध उत्पादक किसानों को दूध की कीमत सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित करने की व्यवस्था से पारदर्शिता और विश्वास को मजबूत किया जा रहा है।
DTC-JICA परियोजना में बिहार की बेहतर उपलब्धि
कार्यशाला में DTC-JICA परियोजना के तहत बिहार में किए गए कार्यों और उपलब्धियों की समीक्षा की गई। दूध खरीद, मार्केटिंग, प्रोसेसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, कोल्ड चेन तथा डेयरी वैल्यू चेन को मजबूत करने के निर्धारित लक्ष्यों की तुलना में कॉम्फेड और संबद्ध दुग्ध संघों का प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर पाया गया।
बिहार में पशु दुग्ध उत्पादकता बढ़ाने के प्रयासों की भी कार्यशाला के दौरान सराहना की गई। साथ ही डेयरी सहकारी नेटवर्क को मजबूत करने और किसानों से अधिक मात्रा में दूध खरीदने पर जोर दिया गया।
DTC-JICA फेज-II को लेकर मंथन
कार्यशाला में DTC-JICA के प्रस्तावित फेज-II को बिहार में लागू करने को लेकर भी गहन चर्चा हुई। प्रस्तावित चरण में डेयरी सहकारी समितियों का अधिक विस्तार, बेहतर सहायता, फंडिंग पैटर्न, पात्रता मानदंड और राज्यवार जरूरतों के अनुरूप योजनाओं को लागू करने पर विचार किया गया।
इसके अलावा श्वेत क्रांति 2.0 के तहत नई डेयरी सहकारी समितियों के गठन एवं पंजीकरण और डेयरी विकास पोर्टल पर आंकड़ों को अपडेट करने की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
कार्यशाला में बिहार सहित पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के दुग्ध संघों एवं डेयरी फेडरेशनों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भारत सरकार के पशुपालन एवं डेयरी विभाग तथा राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के अधिकारी मौजूद रहे।
बिहार डेयरी, कॉम्फेड, COMFED, बिहार दूध, डेयरी सहकारी समिति, DTC-JICA, डेयरी विकास, बिहार सरकार, डेयरी किसान, दूध उत्पादन, मिल्क यूनियन, श्वेत क्रांति 2.0, NDDB, JICA प्रोजेक्ट, बिहार न्यूज, डेयरी न्यूज, दूध खरीद, डेयरी वैल्यू चेन, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, Bihar Dairy News

