भारतीय नृत्य कला मंदिर में सजा ‘शनिबहार’, लोकगीत और भरतनाट्यम की प्रस्तुतियों से झूमे दर्शक
********************
खुशबू कुमारी के लोकगीतों और इवाना सरखेल के भरतनाट्यम ने बांधा समां
पटना, 22 अगस्त 2026। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार एवं भारतीय नृत्य कला मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को पटना स्थित भारतीय नृत्य कला मंदिर के कंसर्ट हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘शनिबहार’ का भव्य आयोजन किया गया। शाम 5:30 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में लोकसंगीत और शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन भारतीय नृत्य कला मंदिर की प्रशासी पदाधिकारी श्रीमती अमृता प्रीतम, सुश्री खुशबू कुमारी एवं सुश्री इवाना सरखेल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में सुश्री खुशबू कुमारी ने अपनी मधुर आवाज में लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति दी। उन्होंने लोकभजन, कजरी, झूमर और पूर्वी झूमर की विभिन्न प्रस्तुतियों से बिहार की लोकसंस्कृति और संगीत की खूबसूरती को मंच पर जीवंत कर दिया।
गायन में ढोलक पर बुद्धदेव और बेंजो पर धर्मेंद्र कुमार ने संगत की। सुर, लय और भाव के शानदार तालमेल ने कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
कार्यक्रम की दूसरी प्रस्तुति में सुश्री इवाना सरखेल ने भरतनाट्यम की उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। उन्होंने ‘मयूर अलारिपु’, ‘नटेश कौतुबम्’, ‘शब्दम कृष्णलीला’, ‘ललिताबिका स्तुति’ और ‘हिंदोलम तिल्लाना’ के माध्यम से शास्त्रीय नृत्य की विविध भाव-भंगिमाओं को प्रस्तुत किया।
‘शनिबहार’ कार्यक्रम में पटना के प्रबुद्ध कलाकार, संगीत प्रेमी, भारतीय नृत्य कला मंदिर के पदाधिकारी, शिक्षक, कार्यालय कर्मी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन श्रीमती सोमा चक्रवर्ती ने किया।
लोकगीतों की मिठास और भरतनाट्यम की शास्त्रीय गरिमा ने ‘शनिबहार’ की शाम को यादगार बना दिया।



