जी3 एवं एडुभारती ला रहे शिक्षा के क्षेत्र में नई तकनीकी क्रांति
पटना। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बदलती दुनिया के साथ बिहार भी नई तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जी3 एवं एडुभारती जैसी संस्थाएं शिक्षा के क्षेत्र में नई तकनीकी क्रांति लाने का प्रयास कर रही हैं। सरकार भी इन संस्थाओं के साथ मिलकर शिक्षा व्यवस्था में बदलाव के लिए कार्य कर रही है।
शिक्षा मंत्री मंगलवार को राजधानी स्थित होटल ताज में एडुभारती वीआर-बेस्ड लैब टेक्नोलॉजी के आधिकारिक शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शिक्षा केवल किताबों और पारंपरिक क्लासरूम तक सीमित नहीं रह सकती। बच्चों को ऐसी शिक्षा देने की जरूरत है, जिसमें वे देखकर, समझकर और प्रयोग करके सीख सकें।
मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बिहार के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि उन्हें आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण संसाधन और नए अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि बिहार ज्ञान की भूमि रही है। विक्रमशिला और नालंदा जैसे विश्वविद्यालयों ने दुनिया को ज्ञान दिया है। यह भूमि भगवान बुद्ध, भगवान महावीर और गुरु गोविंद सिंह की ज्ञानस्थली भी रही है।
उन्होंने कहा कि बिहार में जो खालीपन है, उसे शिक्षा के माध्यम से ही भरा जा सकता है। हर झोपड़ी में छिपी प्रतिभा को मंच और सम्मान देने की जरूरत है, ताकि वहां भी शिक्षा का दीप जल सके। वीआर लैब जैसी तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक एवं प्रयोगात्मक शिक्षा से जोड़ा जाएगा।
इस अवसर पर जी3 के अध्यक्ष आशीष मिश्रा ने कहा कि बिहार का विकास तभी तेजी से होगा, जब शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक विकास किया जाएगा। वहीं जी3 के राष्ट्रीय महासचिव नमन मिश्रा ने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट के रूप में एमआर/वीआर लैब तकनीक की शुरुआत सर गणेश दत्त पाटलिपुत्र प्लस टू स्कूल और पटना हाई स्कूल, गर्दनीबाग से की जाएगी। इसके बाद प्रदेश के अन्य स्कूलों में भी इसका विस्तार किया जाएगा।
कार्यक्रम में रिशभ भारती और आशीष विष्णु ने एडुभारती की एमआर लैब तकनीक के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस तकनीक को विभिन्न भाषाओं में विकसित कर देश के अलग-अलग हिस्सों में पढ़ने वाले बच्चों तक पहुंचाने की योजना है।
कार्यक्रम में आगत अतिथियों का स्वागत जी3 के संरक्षक विजय कुमार मिश्र ने किया। इस अवसर पर प्राइवेट स्कूल चिल्ड्रेन एंड वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शमायल अहमद, जदयू नेता धीरज कुशवाहा, भाजपा नेता प्रमोद चंद्रवंशी, डॉ. संजय कुमार, संगीता कुमारी, अनीता कुमारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
तकनीकी क्रांति से बच्चों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा : मिथिलेश तिवारी
