
वन देवी व हनुमान मंदिर में की पूजा-अर्चना
पटना। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द व्वान’ की रिलीज से पहले फिल्म की टीम पटना पहुंची। अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा, तमन्ना भाटिया, निर्माता एकता कपूर और निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा ने पटना में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का दौरा किया।
फिल्म की टीम ने वन देवी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। फिल्म की कहानी में वन देवी और प्राचीन लोक मान्यताओं की भूमिका बताई गई है। इसके बाद टीम ने हनुमान मंदिर में भी पूजा-अर्चना कर फिल्म की सफलता की कामना की।
पटना प्रवास के दौरान फिल्म की टीम ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान फिल्म और बिहार के सांस्कृतिक जुड़ाव के साथ-साथ छठ पर्व को लेकर भी चर्चा हुई। टीम ने इसके बाद गंगा घाट पहुंचकर गंगा आरती में हिस्सा लिया।
रहस्य, लोककथा और आस्था पर आधारित फिल्म
‘द व्वान’ को रहस्य, लोककथा, आस्था और फैंटेसी की पृष्ठभूमि पर तैयार की गई फिल्म के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया पहली बार साथ नजर आएंगे। फिल्म को बड़े पर्दे के लिए बड़े स्तर पर तैयार किया गया है।
फिल्म से टीवीएफ के अरुणाभ कुमार, निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा और एकता कपूर जुड़े हैं। फिल्म बालाजी मोशन पिक्चर्स, टीवीएफ और 11.11 प्रोडक्शन के सहयोग से प्रस्तुत की गई है। कहानी अरुणाभ कुमार ने लिखी है, जबकि निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है।
फिल्म की दुनिया को विस्तार देने के लिए ‘द लीजेंड ऑफ व्वान’ नामक कॉमिक बुक भी पेश की गई है, जिसके जरिए दर्शकों को फिल्म के लोककथात्मक संसार की झलक मिलती है।
‘द व्वान’ 25 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
