उल्लास, नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत असाक्षरों की मूल्यांकन परीक्षा संपन्न
====================

गुमला, 21 सितम्बर 2025:
जिले में उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत असाक्षरों की मूल्यांकन परीक्षा आज सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह परीक्षा गुमला जिला के सभी 12 प्रखंडों में स्थित विद्यालय के जन चेतना केंद्रों पर आयोजित की गई । आज के आकलन कार्यक्रम का लक्ष्य जिले के 8 हजार से अधिक असाक्षर व्यक्तियों को साक्षरता की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनका प्रमाणीकरण करना है। इसके लिए विशेष रूप से पिछले कुछ महीने पहले सभी विद्यालय शिक्षकों द्वारा अपने पोषक क्षेत्र में ऐसे लोगों को चिन्हित कर स्वयंसेवकों के माध्यम से विशेष कक्षाएं संचालित कराई गई हैं, ताकि शिक्षा से वंचित कोई भी व्यक्ति पीछे न रह जाए।
इस मूल्यांकन परीक्षा में प्रतिभागियों के साक्षरता के मूलभूत कौशल —पढ़ने-लिखने की क्षमता के साथ साथ सरल गणना एवं संख्यात्मक योग्यता तथा दैनिक जीवन से जुड़े सामान्य ज्ञान एवं व्यवहारिक समझ का परीक्षण किया गया।
ज्ञात हो कि गुमला एक आदिवासी बहुल जिला है तथा जिले की साक्षरता दर झारखंड के कई अन्य जिलों की तुलना में कम है, लेकिन साक्षरता संबंधी किए जा रहे संगठित प्रयासों के कारण अब इसमें सकारात्मक बदलाव दिखाई देने लगे हैं।
जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां ने बताया कि परीक्षा सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा ।
इस अवसर पर उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित द्वारा संदेश दिया गया कि नव भारत साक्षरता कार्यक्रम केवल अक्षरज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में जागरूकता, आत्मविश्वास, आर्थिक सशक्तिकरण और बेहतर जीवन स्तर का मार्ग प्रशस्त करता है।
