बिहार नर्सरी एवं ग्रीन-टेक कॉन्क्लेव, 2026 का उद्घाटन, मंत्री ने कहा- नर्सरी सिर्फ पौधा नहीं, कमाई का बड़ा माध्यम
पटना, 21 मार्च 2026:
माननीय मंत्री, कृषि विभाग, बिहार राम कृपाल यादव द्वारा आज ज्ञान भवन, पटना में तीन दिनों तक चलने वाले बिहार नर्सरी एवं ग्रीन-टेक कॉन्क्लेव, 2026 का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर बिहार विधानसभा के माननीय अध्यक्ष श्री प्रेम कुमार भी मौजूद थे।
माननीय कृषि मंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि यह नर्सरी और ग्रीन टेक्नोलॉजी कॉन्क्लेव बिहार की खेती में एक नया इतिहास लिखने जा रहा है। उन्होंने कहा कि नर्सरी सिर्फ पौधा नहीं बल्कि कमाई का बड़ा माध्यम है, गांव में रोजगार का बड़ा जरिया है। उन्होंने कहा कि इस कॉन्क्लेव का मकसद साफ है, किसान, वैज्ञानिक और उद्योग मिलकर खेती को मजबूत करेंगे।
माननीय मंत्री ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी का संकल्प है कि बिहार का एक उत्पाद हर भारतीय तक पहुंचे और हमलोग इसमें कामयाब भी हुए हैं। उन्होंने कहा कि किसान मजबूत होगा तो बिहार मजबूत होगा और बिहार मजबूत होगा तभी भारत मजबूत और विकसित होगा।
