पटना। भारत में होम इंटरनेट सेवाओं को लेकर जारी ओपनसिग्नल की नई रिपोर्ट में एयरटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का सर्वश्रेष्ठ होम इंटरनेट प्रदाता बनने का गौरव हासिल किया है। रिपोर्ट के अनुसार, एयरटेल ने विश्वसनीयता, निरंतर गुणवत्ता, डाउनलोड एवं अपलोड स्पीड और वीडियो अनुभव सहित पांच प्रमुख श्रेणियों में पहला स्थान प्राप्त किया है।
ओपनसिग्नल ने अपनी रिपोर्ट में एयरटेल, जियो और बीएसएनएल की फिक्स्ड ब्रॉडबैंड सेवाओं का तुलनात्मक विश्लेषण किया है। विश्वसनीयता के मामले में एयरटेल को 1,000 अंकों के पैमाने पर 486 अंक मिले, जबकि जियो को 423 अंक प्राप्त हुए। इस तरह एयरटेल ने जियो से 63 अंकों की बढ़त दर्ज की।
इंटरनेट स्पीड के मामले में भी एयरटेल का प्रदर्शन बेहतर रहा। रिपोर्ट में बीएसएनएल दूसरे स्थान पर रहा, जिसकी डाउनलोड स्पीड एयरटेल से 0.5 एमबीपीएस और अपलोड स्पीड 0.8 एमबीपीएस कम दर्ज की गई।
फिक्स्ड वायरलेस इंटरनेट में भी एयरटेल अव्वल
फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (FWA) होम इंटरनेट सेवाओं में भी एयरटेल ने सभी पांच पुरस्कार अपने नाम किए। कंपनी की डाउनलोड स्पीड 32.4 एमबीपीएस और अपलोड स्पीड 20.7 एमबीपीएस दर्ज की गई। वहीं, जियो की डाउनलोड स्पीड 25.7 एमबीपीएस और अपलोड स्पीड 17.1 एमबीपीएस रही।
निरंतर गुणवत्ता के मामले में एयरटेल के 66.2 प्रतिशत परीक्षण निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, जबकि जियो का आंकड़ा 55 प्रतिशत रहा। वहीं, एफडब्ल्यूए विश्वसनीयता में एयरटेल को 450 अंक और जियो को 382 अंक मिले।
ओपनसिग्नल की इस रिपोर्ट के नतीजे भारतीय होम इंटरनेट बाजार में एयरटेल की मजबूत स्थिति को दर्शाते हैं। हालांकि, उपभोक्ताओं के लिए इंटरनेट सेवा का वास्तविक अनुभव उनके क्षेत्र, नेटवर्क उपलब्धता और कनेक्शन की स्थिति पर भी निर्भर करता है।
