जन समाधान कार्यक्रम का असर: 24 घंटे में मिली राहत, 30 साल पुरानी समस्या का हुआ समाधान

Oplus_16908288

24 घंटे में मिली राहत, 30 साल पुरानी समस्या का हुआ समाधान

मेदिनीनगर (पलामू), 3 जुलाई।

पलामू जिला प्रशासन के जन समाधान कार्यक्रम ने एक बार फिर आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का उदाहरण प्रस्तुत किया है। मेदिनीनगर के कुंड मोहल्ला निवासी पूजा कुमारी की करीब 30 वर्षों से लंबित भूमि संबंधी समस्या का समाधान मात्र 24 घंटे के भीतर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, पूजा कुमारी ने 1 जुलाई को समाहरणालय में आयोजित जन समाधान कार्यक्रम में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के समक्ष अपनी समस्या रखी। उन्होंने बताया कि उनकी भूमि की अंतिम ऑफलाइन रसीद वर्ष 1996 में कटी थी, लेकिन इसके बाद ऑनलाइन रसीद जारी नहीं होने से उन्हें विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

ऑनलाइन रसीद उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें ओबीसी प्रमाण-पत्र बनवाने, नगर निगम से पेयजल कनेक्शन लेने सहित अन्य सरकारी कार्यों में लगातार परेशानी हो रही थी। कई बार प्रयास के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अपर समाहर्ता कुंदन कुमार को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन की त्वरित पहल के परिणामस्वरूप महज 24 घंटे के भीतर भूमि की ऑनलाइन रसीद जारी कर दी गई।

वर्षों पुरानी समस्या के समाधान पर पूजा कुमारी ने जिला प्रशासन और उपायुक्त के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अब उन्हें सरकारी प्रमाण-पत्रों सहित अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

जिला प्रशासन ने कहा कि “जनता की समस्या, प्रशासन की प्राथमिकता” की भावना के अनुरूप जन समाधान कार्यक्रम के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *