बिहार में 12 औद्योगिक इकाइयों को 9.14 एकड़ जमीन आवंटित, ₹132.60 करोड़ के निवेश से 2,500 रोजगार की उम्मीद

बिहार में 12 औद्योगिक इकाइयों को 9.14 एकड मिली जमीन
पटना। बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार यानी BIADA की प्रोजेक्ट क्लियरेंस कमिटी की बैठक प्रबंध निदेशक नवीन कुमार, IAS की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में राज्य में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और निवेश से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
बैठक में 12 औद्योगिक इकाइयों को 9.14 एकड़ औद्योगिक भूमि और प्लग एंड प्ले शेड्स आवंटित करने की मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं के माध्यम से करीब 132.60 करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है, जबकि लगभग 2,500 रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
स्वीकृत परियोजनाएं पटना, बक्सर, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, भागलपुर, पूर्णिया, मधुबनी, औरंगाबाद और सहरसा में प्रस्तावित हैं।
BIADA की ओर से प्लग एंड प्ले सुविधाएं उपलब्ध कराने का उद्देश्य निवेशकों को तैयार औद्योगिक आधारभूत संरचना उपलब्ध कराकर इकाइयों की स्थापना और संचालन की प्रक्रिया को आसान और तेज बनाना है।
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि नई औद्योगिक परियोजनाओं से बिहार के औद्योगिक एवं तकनीकी विकास को गति मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और कौशल आधारित अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
वहीं, BIADA के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार ने कहा कि निवेशकों को पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया के तहत औद्योगिक भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बेहतर आधारभूत संरचना, कनेक्टिविटी और नीतिगत सहयोग के जरिए निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *