पटना: बिहार में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग यानी BPSC की ओर से शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 के तहत 32,388 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया है।
इसको लेकर बिहार के शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शिक्षक अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि TRE-4 बिहार के युवाओं के लिए रोजगार और भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण अवसर है।
TRE-4 के तहत पहले से स्वीकृत 32,388 पदों के अलावा विभिन्न विषयों और भाषाओं में 886 नए पद जोड़ने की प्रक्रिया भी की गई है। इनमें मगही, मैथिली, ललित कला, प्राकृत समेत आठ विषयों एवं भाषाओं के 810 पद, जबकि कृषि विषय के 76 पद शामिल हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। TRE-4 के माध्यम से हजारों योग्य और प्रतिभाशाली युवाओं को बिहार की शिक्षा व्यवस्था से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने शिक्षक अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन पूरा करने और पूरी मेहनत एवं आत्मविश्वास के साथ परीक्षा की तैयारी करने की अपील की।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि “युवाओं के लिए भविष्य का द्वार खुला है। आप सभी भविष्य के निर्माता बनकर आइए, शिक्षा विभाग आप सभी के स्वागत के लिए तैयार है।”
उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल रोजगार पाने का माध्यम नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के निर्माण और बिहार के भविष्य को दिशा देने वाले राष्ट्रनिर्माता हैं। TRE-4 के माध्यम से शिक्षकों की नियुक्ति से विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता बेहतर होगी और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों को और गति मिलेगी।
TRE-4 भर्ती का विज्ञापन जारी, 32,388 पदों पर होगी शिक्षक नियुक्ति—शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दी शुभकामनाएं
