पटना, 30 मई। जिलाधिकारी पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. के निर्देश पर शनिवार को पटना शहर में लगातार 25वें दिन अतिक्रमण उन्मूलन अभियान चलाया गया। प्रशासन, नगर निगम, यातायात पुलिस, परिवहन, राजस्व एवं अन्य विभागों की संयुक्त टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर अस्थायी अतिक्रमण हटाया तथा कुल 99,800 रुपये का जुर्माना वसूला।
जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी करने तथा पुनः अतिक्रमण रोकने के लिए फॉलोअप टीम को सक्रिय रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने में बाधा डालने वालों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी तथा दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
शनिवार को नूतन राजधानी, पाटलिपुत्र, कंकड़बाग, बांकीपुर, पटना सिटी, अजीमाबाद, फुलवारीशरीफ, दानापुर और खगौल क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान कई ठेले, बांस-बल्ले और अन्य अवैध ढांचे हटाए गए तथा कुछ सामान जब्त भी किए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण, नियम उल्लंघन और अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन की “शून्य सहिष्णुता” की नीति जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने का अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा और आदतन अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए प्रशासन ने पांच सदस्यीय मॉनिटरिंग सेल का गठन किया है, जिसमें यातायात पुलिस, नगर व्यवस्था, नगर निगम एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया गया है। प्रशासन का कहना है कि शहर में सुगम यातायात एवं जनसुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
