बिहार विस चुनाव में महागठबंधन का हिस्सा होगा झामुमो, 12 सीटों पर सहमति के आसार
===================================
रांची। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए महागठबंधन में सीट बंटवारे पर सहमति बन गयी है। हालांकि अधिकारिक घोषणा होनी बाकी है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस पर अंतिम मुहर लगा दी है। इस बीच झामुमो ने 16 विधानसभा सीटों पर दावेदारी ठोकी थी। झामुमो की बिहार इकाई ने यह प्रस्ताव भेजा था कि पार्टी 16 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हालांकि, अब संभावना है कि झामुमो कम से कम 12 सीटों पर मैदान में उतरेगा। हाल ही में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के समापन कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री और झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने भी भाग लिया था। पटना प्रवास के दौरान हेमंत सोरेन ने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी।
*इसी बैठक में सीट बंटवारे पर बात आगे बढ़ी*
झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता और केंद्रीय समिति सदस्य मनोज पांडेय ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन में हमारी हिस्सेदारी तय हो गयी है। हमारी राजनीतिक क्षमता के अनुसार मान-सम्मान मिलेगा। हमने 12 सीटों की सूची सौंपी है, जिनमें से 8 पर हमारा मजबूत जनाधार है। सीट शेयरिंग पर सकारात्मक बातें हुई हैं, अब सिर्फ आधिकारिक घोसणा बाकी है।
