उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुदृढ़ सुरक्षा-व्यवस्था एवं सुचारू यातायात प्रबंधन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया: आयुक्त व पुलिस महानिरीक्षक ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा

उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुदृढ़ सुरक्षा-व्यवस्था एवं सुचारू यातायात प्रबंधन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया: आयुक्त व पुलिस महानिरीक्षक ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा

==========================

 

पटना, मंगलवार, दिनांक 28.11.2025: *आयुक्त, पटना प्रमंडल, पटना श्री अनिमेष कुमार पराशर एवं पुलिस महानिरीक्षक, केन्द्रीय प्रक्षेत्र, पटना श्री जितेन्द्र राणा ने* छठ महापर्व, 2025 के सफल आयोजन पर जिला पदाधिकारी, पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना श्री कार्तिकेय के शर्मा; नगर आयुक्त, पटना नगर निगम श्री यशपाल मीणा, पुलिस अधीक्षक, यातायात, पटना श्री अपराजित लोहान, उप विकास आयुक्त, पटना श्री समीर सौरभ सहित जिला प्रशासन, पटना पुलिस, नगर निगम सहित सभी संलग्न विभागों के पदाधिकारियों, कर्मियों एवं उनकी टीम को बधाई दी है। अधिकारीद्वय ने कहा कि सभी अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा *उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुदृढ़ सुरक्षा-व्यवस्था एवं सुचारू यातायात प्रबंधन का बेहतरीन उदाहरण* प्रस्तुत किया गया है। *पूर्णतः दुर्घटनामुक्त* एवं *श्रद्धालुओं तथा छठव्रतियों के लिए सुविधायुक्त* प्रबंधन तथा आयोजन *अतुलनीय कार्य* था जिसे *सभी हितधारकों (स्टेकहोल्डर्स)* ने सफलतापूर्वक संपन्न किया। यह उनकी *निष्ठा, कर्तव्यपरायणता तथा कार्यकुशलता* का द्योतक है। धार्मिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व का विनम्रता तथा सौजन्यतापूर्ण माहौल में अप्रतिम आयोजन सुनिश्चित करने में पदाधिकारियों ने सुदृढ़ *अन्तर्विभागीय समन्वय* का मिसाल प्रदर्शित किया है। आम जनता को उनके *सहयोगात्मक, सुव्यवस्थित तथा सौम्य समूह-व्यवहार के लिए सैल्यूट!!*

 

गौरतलब है कि आयुक्त द्वारा वरीय अधिकारियों के साथ विभिन्न छठ घाटों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा था तथा छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर नजर रखी जा रही थी।

 

आयुक्त द्वारा *संध्या अर्घ्य एवं प्रातः अर्घ्य दोनों समय* विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया गया।

 

*आयुक्त ने कहा कि घाटों पर छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए सभी सुविधाएँ उपलब्ध थी।* पुरूष एवं महिला के लिए अलग-अलग शौचालय, स्वच्छ पेयजल, चेंजिंग रूम, व्रतियों के ठहरने हेतु शेड, वाहन पार्किंग की सुविधा थी। पार्किंग स्थल पर बैरिकेडिंग/ड्रॉप गेट की व्यवस्था की गई थी।

 

आयुक्त ने कहा कि कलेक्टोरेट घाट पर छठ पूजा का आयोजन काफ़ी चुनौतीपूर्ण था। एप्रोच रोड की चौड़ाई सीमित थी। रास्ते में पानी लगा हुआ था। इस विपरीत परिस्थिति में भी जिला पदाधिकारी, पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. एवं नगर आयुक्त, पटना नगर निगम श्री यशपाल मीणा के नेतृत्व में प्रशासन एवं नगर निगम की टीम द्वारा काफ़ी अच्छा प्रयास किया गया। फलस्वरूप यहाँ काफ़ी बड़ी संख्या में आए छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं ने सुविधाजनक ढंग से छठ महापर्व का अनुष्ठान संपन्न किया। इसके लिए प्रशासन एवं नगर निगम की टीम को विशेष बधाई।

 

आयुक्त ने कहा कि सभी घाटों के पास समुचित संख्या में वाच टावर क्रियाशील था। घाटों पर नियंत्रण कक्ष कार्यरत था। ध्वनि-विस्तारक यंत्र से श्रद्धालुओं एवं छठव्रतियों को *शुभकामना संदेश* के साथ-साथ *आपदा प्रबंधन* के दृष्टिकोण से *‘‘क्या करें, क्या न करें’’* की नियमित उद्घोषणा की जा रही थी। दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी ड्यूटी पर तैनात थे। सीसीटीवी, वीडियो कैमरा एवं ड्रोन से स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही थी।

 

आयुक्त ने कहा कि *एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सिविल डिफेन्स की टीम के साथ-साथ एनसीसी के छात्र-छात्राओं का दल* भी मुस्तैद था। *मेडिकल कैंप* निरंतर सक्रिय था। घाटों पर जाने के लिए एप्रोच रोड सुचारू एवं अवरोधमुक्त था। घाटों पर उत्कृष्ट सफाई एवं प्रकाश-व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। सभी छठ घाटों पर विद्युत नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय था। विद्युत कर्मियों एवं तकनीशियनों की टीम तैनात थी। *छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग एवं तत्पर था।* घाटों पर सुव्यवस्थित तरीके से मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा था।

 

  1. आयुक्त द्वारा दीघा स्थित नियंत्रण कक्ष सहित अन्य स्थलों का भी लगातार निरीक्षण किया गया। सभी अधिकारियों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को सजग रहने का निर्देश दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *