उपायुक्त की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, नो पार्किंग व अतिक्रमण पर कार्रवाई के निर्देश


लोहरदगा:जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई।

उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा टीम को दुर्घटना संभावित स्थलों की जांच कर चिन्हित जगहों पर सुरक्षा साइनेज लगाने का निर्देश एनएच, रांची को दिया। कुडू ब्लॉक मोड़ और टाटी चौक में वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए रंबल स्ट्रिप लगाने को कहा गया। दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित करने हेतु एसडीओ, डीएसपी/एसडीपीओ, डीटीओ, थाना प्रभारी और सड़क सुरक्षा कार्यालय की संयुक्त टीम गठित की गई।

हिट एंड रन के मामलों में जिन थानों से अब तक दस्तावेज प्राप्त नहीं हुए हैं, उन्हें जिला परिवहन कार्यालय को दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी को नो पार्किंग जोन में पार्किंग करने व सड़क पर अतिक्रमण की स्थिति में कार्रवाई करने को कहा गया।

डीटीओ को ड्रंक एंड ड्राइविंग, ओवर स्पीडिंग, बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग जैसे मामलों में नियमित रूप से चौक-चौराहों पर चेकिंग अभियान चलाकर आर्थिक दंड वसूलने का निर्देश दिया गया।बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप, एसडीओ अमित कुमार, डीएसपी समीर तिर्की, डीटीओ जया सांखी मुर्मू, खनन पदाधिकारी अबु हुसैन, सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी व सड़क सुरक्षा कार्यालय के प्रबंधक व कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *