सिसई-भरनो मार्ग में ओवरलोडिंग, अवैध मॉडिफिकेशन व बिना कागजात चल रहे वाहनों पर कसा शिकंजा, डीटीओ बोले- मकसद जिंदगी बचाना है

सिसई-भरनो मार्ग में ओवरलोडिंग, अवैध मॉडिफिकेशन व बिना कागजात चल रहे वाहनों पर कसा शिकंजा

भरनो,गुमला:सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात नियम तोड़ने वालों पर नकेल कसने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को उपायुक्त दिलेश्वर महतो के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग ने सिसई-भरनो मुख्य मार्ग पर औचक जांच अभियान चलाया।

अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी ज्ञान शंकर जायसवाल ने किया। नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत विभिन्न उल्लंघनों पर कुल 1,23,000 रुपये का जुर्माना मौके पर ही वसूला गया। अचानक हुई कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

क्षमता से अधिक माल लादकर चल रहे ट्रकों और हाइवा पर भारी जुर्माना लगाया गया। निर्धारित आकार से बाहर सामान निकालकर चलने वाले वाहन भी जब्त किए गए।

बिना वैध परमिट, फिटनेस, इंश्योरेंस और ड्राइविंग लाइसेंस के चल रहे वाहनों पर कार्रवाई हुई।

रात में दुर्घटना का कारण बनने वाली अवैध एक्स्ट्रा एलईडी लाइट और नंबर प्लेट छिपाकर चलने वाले वाहनों पर जुर्माना लगाया गया।

बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों का चालान काटा गया और उन्हें सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।

डीटीओ ज्ञान शंकर जायसवाल ने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल राजस्व इकट्ठा करना नहीं, बल्कि गुमला की सड़कों पर सफर करने वाले हर नागरिक की जिंदगी सुरक्षित करना है। ओवरलोडिंग और नियमों की अनदेखी से बड़ी दुर्घटनाएं होती हैं। लोग डर से नहीं, जिम्मेदारी से नियमों का पालन करें।”

प्रशासन ने साफ किया कि यातायात नियमों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। आने वाले दिनों में जिले के अन्य संवेदनशील व मुख्य मार्गों पर भी इसी तरह ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *