गुमला: अंजुमन इस्लामिया गुमला का कार्यकाल समाप्त होने के बाद नए चुनाव की प्रक्रिया तेज हो गई है। अंजुमन के नजीम-ए-आला खलिल अशरफी द्वारा संगठन से जुड़ी सभी नौ पंचायतों को चुनाव समिति गठन के लिए प्रतिनिधियों के नाम भेजने का पत्र जारी किया गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इराकी पंचायत और हमदर्द पंचायत को छोड़कर शेष सात पंचायतों ने अपने-अपने दो-दो प्रतिनिधियों के नाम भेज दिए हैं। इनमें अंसारी पंचायत से सदर शाहजहां अंसारी, पठान पंचायत से सदर शाहिद वारसी, इदरीसिया पंचायत से सदर मो. रिजवान, इखलाक पंचायत से सदर अजहर रब्बानी, राय पंचायत से सदर अब्दुल जब्बार रजवी, कुरैशी पंचायत से सदर राजू कुरैशी तथा सलमानी पंचायत से सचिव हसन अली शामिल हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वर्ष 2026 की चुनाव समिति के चुनाव प्रभारी का चयन 26 जुलाई 2026 को किया जाएगा। साथ ही सातों पंचायतों की सहमति से यह भी तय किया गया कि हमदर्द पंचायत के सदस्य एवं वार्ड पार्षद साजिद मंजर तथा इराकी पंचायत के सदस्य अधिवक्ता असलम आलम, फिरोज आलम और मुख्तार आलम के नेतृत्व में तैयार होने वाली दोनों पंचायतों की मतदाता सूची को चुनाव प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
बैठक में पठान पंचायत के सचिव आजाद खान, अंसारी पंचायत के सचिव सुहैल अंसारी, पूर्व सदर शकील अंसारी, चांद खान, सैफुद्दीन, मेराज आलम, राय पंचायत के नायब सदर निशार राय, इखलाक पंचायत के प्रतिनिधि मुर्शीद हनीफ, निवर्तमान चुनाव प्रभारी इरफान अली, पूर्व चुनाव प्रभारी अकील रहमान, निवर्तमान प्रवक्ता आशिक अंसारी तथा आफताब अंजुम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
इस संबंध में अंजुमन इस्लामिया गुमला के नजीम-ए-आला खलिल अशरफी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी एवं सर्वसम्मति से संपन्न कराने की दिशा में सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
अंजुमन इस्लामिया गुमला चुनाव प्रक्रिया तेज, सात पंचायतों ने भेजे प्रतिनिधियों के नाम
