पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने राज्य के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़ी पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के निर्देश के आलोक में राज्य के चयनित 155 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल +2 विद्यालयों में कक्षा 11वीं और 12वीं के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए JEE और NEET की निःशुल्क कोचिंग शुरू कर दी गई है।
इसके साथ ही राज्य के 700 मॉडल विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को ‘विद्या साथी’ इंटरेक्टिव लर्निंग ऐप से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस ऐप के माध्यम से विद्यार्थियों को 24 घंटे लाइव उपलब्ध शिक्षकों से अपने विषयों के कॉन्सेप्ट और डाउट क्लियर करने की सुविधा मिलेगी।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस. एम. ने 18 अगस्त 2026 को सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों और प्रमंडल स्तर पर समिति के क्षेत्रीय कार्यालयों में प्रतिनियुक्त उप सचिवों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। बैठक में 700 मॉडल विद्यालयों के विद्यार्थियों का ऐप पर अकाउंट खोलने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया गया।
समिति के अनुसार JEE और NEET की तैयारी के लिए पटना के दो विद्यालयों—पटना कॉलेजिएट स्कूल, दरियापुर और बांकीपुर बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, गोलघर—में वर्ष 2023-25 से आवासीय अनुशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। वहीं पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, छपरा, पूर्णिया, सहरसा, मुंगेर और भागलपुर सहित नौ प्रमंडलीय मुख्यालयों में वर्ष 2024-26 से निःशुल्क गैर-आवासीय कोचिंग संचालित है।
इसी व्यवस्था को आगे बढ़ाते हुए पटना के 10 चिन्हित मॉडल विद्यालयों में 16 जुलाई 2026 से संध्याकालीन निःशुल्क अनुशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया था। अब शेष 145 मॉडल विद्यालयों में भी संध्याकालीन ऑनलाइन कोचिंग शुरू कर दी गई है।
इन 145 विद्यालयों में JEE और NEET के पाठ्यक्रम के अनुसार विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए विषयवार वीडियो उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विद्यालयों में स्थापित स्मार्ट टीवी और स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से विद्यार्थी इन वीडियो कक्षाओं का लाभ उठा रहे हैं। समिति की ओर से मुख्यालय स्तर पर आधुनिक स्टूडियो भी तैयार किया जा रहा है, जिसके बाद इन विद्यालयों में लाइव क्लास की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।
अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस. एम. ने बताया कि वर्तमान में समिति द्वारा 21 कोचिंग सेंटरों में फिजिकल क्लासेज कराई जा रही हैं। अब 145 अन्य मॉडल स्कूलों में भी JEE और NEET की निःशुल्क कोचिंग शुरू की गई है।
वहीं ‘विद्या साथी’ ऐप को लेकर समिति ने बताया कि 700 मॉडल विद्यालयों में कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को इससे जोड़ा जा रहा है। ऐप पर शिक्षक 24 घंटे लाइव उपलब्ध रहेंगे। विद्यार्थी किसी भी विषय में कॉन्सेप्ट क्लियर करने या डाउट दूर करने के लिए शिक्षक से संपर्क कर सकेंगे।
ऐप पर विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों से संबंधित PDF मैटेरियल और नोट्स तैयार करने की सुविधा भी मिलेगी। खास बात यह है कि विद्यार्थी सवाल पूछने के बाद शिक्षक को वीडियो में देख सकेंगे, जबकि शिक्षक विद्यार्थी को वीडियो में नहीं देख पाएंगे।
समिति के अनुसार शिक्षकों के भुगतान की व्यवस्था विद्यार्थियों की रेटिंग के आधार पर की जाएगी।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का मानना है कि 155 मॉडल स्कूलों में JEE-NEET की मुफ्त कोचिंग और 700 मॉडल स्कूलों में ‘विद्या साथी’ ऐप लागू होने से बिहार बोर्ड के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बड़ा लाभ मिलेगा और आने वाले समय में ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थी JEE और NEET जैसी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकेंगे।
155 मॉडल स्कूलों में JEE-NEET की मुफ्त कोचिंग शुरू, 700 स्कूलों के छात्रों को मिलेगा ‘विद्या साथी’ ऐप का लाभ
