पटना। प्याज की बढ़ती कीमतों के बीच आम उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए सरकार की ओर से पहल शुरू की गई है। भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ (NCCF) द्वारा पटना में आम लोगों को ₹35 प्रति किलो की दर से प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए चलंत वाहनों के माध्यम से शहर के विभिन्न मोहल्लों तक सस्ती दर पर प्याज पहुंचाया जाएगा।
इसी क्रम में मंगलवार को पटना के मीठापुर स्थित NCCF परिसर से प्याज वितरण के लिए ऑटो/चलंत वाहनों को विभिन्न इलाकों के लिए रवाना किया गया। इस दौरान मीठापुर में भी आम नागरिकों के बीच ₹35 प्रति किलो की दर से प्याज की बिक्री की गई।
कार्यक्रम के दौरान NCCF के सहायक प्रबंधक दिनेश कुमार सिंह, राजेश कुमार, निखिल कुमार सिंह एवं राकेश कुमार ने विधिवत रूप से चलंत वाहनों को रवाना किया।
NCCF के सहायक प्रबंधक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्याज की बढ़ती कीमतों को देखते हुए सरकार के निर्देश पर पटना के विभिन्न क्षेत्रों में ₹35 प्रति किलो की दर से प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है। चलंत वाहन मोहल्ले-मोहल्ले जाकर आम नागरिकों को सस्ती दर पर प्याज उपलब्ध कराएंगे, जिससे महंगाई से परेशान लोगों को कुछ राहत मिल सके।
उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति को अधिकतम दो किलो प्याज उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार के निर्देश के अनुसार आम लोगों को सस्ती दर पर प्याज उपलब्ध कराने का यह अभियान लगातार जारी रखा जाएगा।
वहीं NCCF के सहायक प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि ₹35 किलो प्याज खरीदने के लिए आम लोगों को किसी भी प्रकार के कागजात या दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी। उपभोक्ताओं को उनके मोहल्ले में ही चलंत वाहनों के माध्यम से प्याज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
बताया गया कि पटना के पांच प्रमुख मोहल्लों/क्षेत्रों में NCCF की चलंत गाड़ियों के माध्यम से घर के आसपास ही लोगों को सस्ती दर पर प्याज उपलब्ध कराया जाएगा।
NCCF की इस पहल से प्याज की बढ़ती कीमतों के बीच आम उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है। सरकार का उद्देश्य बाजार में प्याज की उपलब्धता बनाए रखने के साथ-साथ महंगी कीमतों का असर आम लोगों के घरेलू बजट पर कम करना है।

