बिहार में पहली बार मैथिली भाषा में AI और आधुनिक तकनीक की पढ़ाई पर विशेष पहल

वैशाली। बिहार में पहली बार मैथिली भाषा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI और आधुनिक प्रौद्योगिकी से जुड़ी दो दिवसीय तकनीकी कार्यशाला का आयोजन होने जा रहा है। यह विशेष कार्यशाला 25 और 26 सितंबर 2026 को डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय, वैशाली में आयोजित होगी।
AICTE की VAANI योजना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य विषय है—“Artificial Intelligence and Smart Information Systems for Agriculture, Healthcare and Flood Management in Bihar”।
कार्यशाला का उद्देश्य AI, डेटा साइंस और स्मार्ट सूचना प्रणालियों जैसी आधुनिक तकनीकों की जानकारी मैथिली भाषा के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों और तकनीकी समुदाय तक पहुंचाना है।
कार्यशाला में कृषि, स्वास्थ्य और बाढ़ प्रबंधन जैसे बिहार से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्रों में AI के उपयोग पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही व्यावहारिक गतिविधियों और तकनीकी सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीक की जानकारी दी जाएगी।
आयोजकों के अनुसार, स्थानीय भाषा में तकनीकी ज्ञान उपलब्ध कराने से डिजिटल शिक्षा और नवाचार को स्थानीय स्तर पर बढ़ावा मिलेगा। कार्यशाला में प्रतिभागियों के लिए निःशुल्क पंजीकरण, प्रमाणपत्र और सहभागिता किट की व्यवस्था भी की गई है।
इस आयोजन के समन्वयक प्रो. (डॉ.) धर्मेन्द्र कुमार सिंह हैं। डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय, वैशाली द्वारा आयोजित यह कार्यशाला बिहार में स्थानीय भाषा के माध्यम से तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में प्रस्तुत की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *