28 नवंबर को आयोजित होगा ‘जीवनदाता परिवार सम्मान 2026’, तीन श्रेणियों में होंगे सम्मानित
पटना, 3 नवंबर 2026। मृत्यु के बाद भी दूसरों को नया जीवन देने की मानवीय सोच को सम्मानित करने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था ‘2030 का भारत’ आगामी 28 नवंबर को ‘जीवनदाता परिवार सम्मान 2026’ का आयोजन करेगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से अंगदान करने वाले परिवारों, जागरूकता अभियान चलाने वाले लोगों तथा अंग प्रत्यारोपण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में तीन अलग-अलग श्रेणियों में सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इनमें अपने प्रियजन के निधन के बाद अंग या टिश्यू दान करने वाले परिवारों को ‘जीवनदाता परिवार सम्मान’, अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने वाले लोगों को ‘जीवन प्रेरणा सम्मान’ तथा अंगदान और प्रत्यारोपण की प्रक्रिया में योगदान देने वाले डॉक्टरों, सर्जनों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को ‘जीवन सारथी सम्मान’ दिया जाएगा।
संस्था के संस्थापक डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि अंगदान करने वाले परिवार मानवता, करुणा और संवेदनशीलता की अद्भुत मिसाल पेश करते हैं। किसी अपने को खोने के गहरे दुख के बीच दूसरों को जीवन देने का निर्णय लेना असाधारण साहस और उदारता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य ऐसे परिवारों के योगदान को सम्मान देना और समाज में अंगदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है।
संस्था के अनुसार, अंगदान केवल एक चिकित्सकीय प्रक्रिया नहीं, बल्कि मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इस पहल के जरिए अंगदान को लेकर प्रचलित भ्रांतियों को दूर करने, लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को अंगदान के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा।
2030 का भारत इंदौर स्थित एक सामाजिक विकास संस्था है, जो शिक्षा, आजीविका, सामुदायिक विकास और जन-जागरूकता के माध्यम से समाज में सकारात्मक एवं स्थायी बदलाव लाने के लिए कार्यरत है।
मृत्यु के बाद भी दूसरों को जीवन देने वाले परिवारों को मिलेगा सम्मान
