एथर एनर्जी ने पेश किया नया इलेक्ट्रिक स्कूटर ‘कोणार्क’, 200 किमी तक की रेंज का दावा
पटना, 29 सितंबर। इलेक्ट्रिक स्कूटर निर्माता एथर एनर्जी ने बिहार में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पटना में अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर ‘कोणार्क’ पेश किया। कंपनी के अनुसार, कोणार्क को नए ईएल प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है, जिसमें रोजमर्रा की सवारी, आराम, रेंज, मजबूती और आसान ओनरशिप पर विशेष ध्यान दिया गया है।
कोणार्क एस और जेड सीरीज में कुल छह वैरिएंट्स में उपलब्ध है और कंपनी के अनुसार यह 200 किलोमीटर तक की आईडीसी रेंज प्रदान करता है। स्कूटर का सर्विस इंटरवल 10,000 किलोमीटर या एक वर्ष, जो भी पहले हो, रखा गया है।
कंपनी के मुताबिक कोणार्क के सभी वैरिएंट में एथर की फिफ्थ जनरेशन बेडरॉक बैटरी दी गई है, जिस पर 10 साल या 1 लाख किलोमीटर तक की वारंटी है। साथ ही वारंटी अवधि के अंत में कम से कम 70 प्रतिशत बैटरी हेल्थ की गारंटी का दावा किया गया है।
कोणार्क में मेटल बॉडी, स्टील यूनिबॉडी चेसिस, 14 इंच फ्रंट और 12 इंच रियर अलॉय व्हील, लॉन्ग-ट्रैवल सस्पेंशन तथा सीक्वेंशियल गियर-ड्राइव ट्रांसमिशन जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग सिस्टम, रिजनरेटिव ब्रेकिंग, मैजिककी, ऑटोपॉप और एयरवॉक जैसी तकनीकें भी शामिल हैं।
चार्जिंग को आसान बनाने के लिए स्कूटर में इन-बिल्ट ऑनबोर्ड चार्जर और चार्जिंग केबल दी गई है। कंपनी के अनुसार, वैकल्पिक 450 वॉट ऑफबोर्ड चार्जर के साथ संयुक्त रूप से 900 वॉट चार्जिंग की सुविधा मिल सकती है।
एथर के मुताबिक बिहार कंपनी के लिए महत्वपूर्ण बाजार है। वित्तवर्ष 2026 की पहली तिमाही में बिहार में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 4.7 प्रतिशत थी, जो वित्तवर्ष 2027 की पहली तिमाही में बढ़कर 11.5 प्रतिशत हो गई। कंपनी के अनुसार, इस अवधि में बिहार में 1,271 स्कूटरों की बिक्री हुई, जो साल-दर-साल 307 प्रतिशत की वृद्धि है। राज्य में एथर के 19 एक्सपीरिएंस सेंटर और 16 सर्विस सेंटर हैं, जबकि 46 एलईसीसीएस फास्ट चार्जिंग पॉइंट उपलब्ध हैं।
