‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ एक ऐतिहासिक कदम: उमेश सिंह कुशवाहा ============================
पटना, 29 अगस्त 2025
बिहार जद (यू0) के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार द्वारा घोषित ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ को ऐतिहासिक और दूरदर्शी पहल करार दिया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश की समस्त मातृशक्ति को ढेरों शुभकामनाएं दीं।
श्री कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की हमेशा से यह प्रतिबद्धता रही है कि बिहार की प्रत्येक महिला सशक्त और आत्मनिर्भर बने। बीतें 20 वर्षों का कार्यकाल महिला सशक्तिकरण का अनूठा मिसाल रहा है, उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए नीतीश सरकार द्वारा यह योजना महिलाओं के सपनों को साकार करने और समाज में समान दर्जा दिलाने का एक सशक्त कदम साबित होगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार की एक महिला को अपनी पसंद का व्यवसाय शुरू करने के लिए ₹10,000 की प्रारंभिक सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही व्यवसाय को मजबूत और स्थायी बनाने के लिए 6 माह के बाद ₹2 लाख तक की अतिरिक्त सहायता सीधे महिला के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी।
श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने जोर देकर कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की नेतृत्व क्षमता और महिला सशक्तिकरण के प्रति अडिग प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इससे बिहार की मातृशक्ति अपने जीवन में सफलता, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होगी। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश की महिलाएं राज्य के विकास में निर्णायक भूमिका निभाकर विकसित बिहार के सपनों को साकार करेंगी।
