रतनपुर में अग्निवीर मनीष निर्मलकर का जोरदार स्वागत

*========================*
रतनपुर, बिलासपुर। नगर पालिका परिषद रतनपुर के वार्ड क्रमांक 5 के मनीष निर्मलकर का अग्नि वीर में सिलेक्शन हुआ है। मनीष के पिता झक्कर निर्मलकर ने बताया कि वह खेती किसानी और मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं।
मनीष की इस उपलब्धि पर रतनपुर के लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद मनोज पटले ने कहा कि रतनपुर का आज फिर से पूरे देश में नाम हो गया है क्योंकि रतनपुर वार्ड क्रमांक 5 के बेटे ने जो करके दिखाया है उसे हमें बहुत गर्व है। उन्होंने कहा कि मनीष ने साबित कर दिया है कि गरीबी को मेहनत और लगन से हराया जा सकता है।
पार्षद मनोज पटले ने आगे कहा कि आज हम सब का कर्तव्य बनता है कि अपने बच्चों का जोरदार स्वागत करें इसलिए हम लोग यहां मां महामाया की पावन धरा पर मां महामाया के दर्शन करने पहुंचे हैं और माता रानी से आशीर्वाद लिए कि हमारे बच्चे को ऐसे ही मां भारती की सेवा के लिए आशीर्वाद प्रदान करें।
वार्ड क्रमांक 6 की पार्षद अर्चना संतोष सोनी ने कहा कि मनीष की इस उपलब्धि से नगर के लिए बहुत गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मनीष ने अपने परिवार और समाज का नाम रोशन किया है।
मनीष के पिता झक्कर निर्मलकर ने सभी अभिभावकों से अपील की कि अपने बच्चों को पढ़ाएं ताकि वे समाज और देश की सेवा कर सकें। उन्होंने कहा कि आज मेरा बेटा देश की सेवा के लिए गया है, मुझे बहुत ही खुशी महसूस हो रही है।
