भाजपा का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग 5 मई से मुंगेर में, सीएम सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन`
`संगठन और सरकार के समन्वय पर देंगे मार्गदर्शन: सीएम सम्राट चौधरी मुंगेर प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को बताएंगे सरकार की सफलता`
पटना, 3 मई। भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत मुंगेर में दो दिन एवं एक रात्रि का जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण वर्ग 5 मई से सरस्वती विद्या मंदिर, मुंगेर में शुरू होगा।
प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। वे उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन और सरकार में समन्वय, हमारी जिम्मेदारी और कार्य विस्तार की दृष्टि पर अपनी बात रखेंगे। सीएम सरकार की सफलताओं से भी कार्यकर्ताओं को रूबरू कराएंगे।
भाजपा के प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख और बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने बताया कि कार्यक्रम की जोरशोर से तैयारियां चल रही हैं। दो दिवसीय इस प्रशिक्षण वर्ग में जिले के सभी कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में इसे लेकर काफी उत्साह है।
*संगठन को मजबूत करने की पहल:* झा ने बताया कि यह प्रशिक्षण पार्टी संगठन को और अधिक सशक्त एवं कार्यकर्ताओं को दक्ष बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रशिक्षण वर्ग को भव्य बनाने के लिए जिला पदाधिकारी जुटे हैं। सीएम सम्राट चौधरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन के लिए मुंगेर पहुंचेंगे। प्रदेश के कई पदाधिकारी भी संगठन, आदर्श एवं नैतिकता का पाठ पढ़ाएंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता “राष्ट्र सर्वोपरि” के सिद्धांत के साथ काम करता है। यह प्रशिक्षण उसी भावना को मजबूत करने का माध्यम है। इसके जरिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती देने और आगामी समय में जनसंपर्क अभियान को गति देने की योजना है।
*52 जिलों में प्रशिक्षण:* झा ने बताया कि बिहार के सभी 52 सांगठनिक जिलों में जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जा रहे हैं। राज्य में 1420 मंडलों का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद 2 मई से जिला प्रशिक्षण वर्ग शुरू हुआ है। प्रशिक्षण में कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाओं और बिहार सरकार के विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचा सकें।
यह अभियान पूरे देश में “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026” के रूप में चल रहा है।
