रतनपुर के प्राचीन गज किले में वरिष्ठ पत्रकार अनूप कुमार चौरसिया सम्मानित

रतनपुर, बिलासपुर। मां महामाया की पावन नगरी रतनपुर स्थित ऐतिहासिक गज किले में गुरुवार को एक भावपूर्ण सम्मान समारोह का आयोजन हुआ, जहां अखिल भारतीय मानवाधिकार समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय पांडे ने पब्लिक आई न्यूज़ के वरिष्ठ संवाददाता अनूप कुमार चौरसिया को उनकी निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनहितकारी पत्रकारिता के लिए शील्ड एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर की सबसे विशेष बात यह रही कि सम्मान के लिए कोई सार्वजनिक कार्यक्रम निर्धारित नहीं था। राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय पांडे विशेष रूप से जबलपुर से रतनपुर केवल अनूप कुमार चौरसिया को सम्मानित करने पहुंचे।
सम्मान प्रदान करते हुए अजय पांडे ने कहा, “आज यहां कोई कार्यक्रम नहीं था। मैं जबलपुर से सिर्फ पब्लिक आई न्यूज़ के वरिष्ठ संवाददाता श्री अनूप कुमार चौरसिया को सम्मानित करने के लिए आया हूं। उनकी निष्पक्ष और पारदर्शी पत्रकारिता समाज के लिए प्रेरणादायक है।”
उन्होंने कहा कि अनूप कुमार चौरसिया लगातार आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, भ्रष्टाचार, प्रशासनिक लापरवाही तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को उन्होंने हमेशा निर्भीकता और निष्पक्षता के साथ सामने रखा है। ऐसी ईमानदार पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत करने का कार्य करती है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगे कहा कि अनूप कुमार चौरसिया की जमीनी रिपोर्टिंग और निष्पक्ष कार्यशैली के कारण आज उनका नाम केवल बिलासपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक उनकी पहचान बनी है। उन्होंने कहा कि ऐसे पत्रकारों का सम्मान करना समाज का दायित्व है।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में जब पत्रकारिता की विश्वसनीयता पर अनेक प्रकार के प्रश्न उठते हैं, तब अनूप कुमार चौरसिया जैसे पत्रकार निष्पक्षता, पारदर्शिता और जनसरोकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर पत्रकारिता के मूल मूल्यों को जीवित रखे हुए हैं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद वरिष्ठ संवाददाता अनूप कुमार चौरसिया ने आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह सम्मान मेरे लिए गौरव के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष का जबलपुर से केवल मुझे सम्मानित करने के लिए यहां आना मेरे लिए अविस्मरणीय क्षण है। मैं आगे भी पूरी निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ आम जनता की आवाज उठाता रहूंगा।”
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी निष्पक्ष एवं जनहितकारी पत्रकारिता की सराहना करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए ऐसे पत्रकारों का सम्मान समय की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *