गुमला में SIR पुनरीक्षण को लेकर पंचायत भवन में कैंप, BLO ने कहा—नोटिस मिलने पर दस्तावेज तैयार रखें

Oplus_16908288
अरमई पंचायत में BDO के नेतृत्व में प्रक्रिया जारी, जुम्मन खान ने मजदूर वर्ग से समय पर दस्तावेज जमा करने की अपील की

गुमला। जिले के गुमला प्रखंड अंतर्गत अरमई पंचायत के पंचायत भवन में SIR के तहत मतदाता सूची के पुनरीक्षण एवं सुधार की प्रक्रिया कैंप लगाकर जारी है। प्रखंड विकास पदाधिकारी के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के दौरान आम लोगों को आवश्यक प्रक्रिया और दस्तावेजों के संबंध में जानकारी दी जा रही है।
कैंप में मौजूद BLO सरिता देवी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों को SIR से संबंधित नोटिस प्राप्त हो रहा है, वे नोटिस में चिन्हित कमियों के अनुसार अपने आवश्यक कागजात तैयार रखें। उन्होंने कहा कि सभी लोगों का कार्य नियमानुसार किया जाएगा, इसलिए किसी को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
वहीं शिक्षिका मनोरमा उरांव ने भी आम जनता से SIR से संबंधित प्रक्रिया में सहयोग करने और शांतिपूर्वक अपना कार्य पूरा कराने की अपील की।
CFTUI के प्रदेश उपाध्यक्ष जुम्मन खान ने आम जनता के साथ विशेष रूप से मजदूर वर्ग से अपील करते हुए कहा कि SIR की प्रक्रिया को हल्के में न लें। उन्होंने दूसरे राज्यों में मजदूरी करने गए झारखंड के मजदूरों से कहा कि यदि उनके परिवार को SIR से संबंधित नोटिस मिला है, तो नोटिस में निर्धारित तारीख पर संबंधित प्रखंड या पंचायत में पहुंचकर उसमें चिन्हित कमियों के अनुसार आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें।
जुम्मन खान ने कहा कि समय पर प्रक्रिया पूरी करने से मतदाता सूची से संबंधित सुधार के कार्य में सुविधा होगी। उन्होंने झारखंड के आम नागरिकों और मजदूर वर्ग से SIR से संबंधित अपने कार्य को निर्धारित समय के भीतर पूरा कराने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *