“पटना में किसानों को खाद की उपलब्धता और सही दाम सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सख्त हो गया है। पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार के निर्देश पर जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि विभाग को निर्देश दिया गया कि जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी और अधिक दाम पर बिक्री करने वाले दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।”
“बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जिले में यूरिया, डीएपी, एमओपी, एनपीकेएस और एसएसपी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, इसलिए किसानों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उर्वरक बिक्री में पारदर्शिता के लिए 1 मई से अब तक कुल 281 दुकानों पर छापेमारी की गई है, जिनमें अनियमितता मिलने पर 10 विक्रेताओं का लाइसेंस निलंबित, 3 का रद्द और 13 से स्पष्टीकरण मांगा गया है। बैठक में दीघा विधायक संजीव चौरसिया और पाटलिपुत्र सांसद रविशंकर प्रसाद के प्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि सभी दुकानों पर दर तालिका (रेट लिस्ट) प्रमुखता से लगाई जाए। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित दर पर ही खाद खरीदें और रसीद ज़रूर लें। किसी भी तरह की गड़बड़ी होने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।”
