रतनपुर बिलासपुर
छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक नगरी रतनपुर (जिला बिलासपुर) में आयोजित “रेन सिन कान सी-5 कराटे फेस्ट” में कराटे खेल, अनुशासन और संस्कार का भव्य संगम देखने को मिल रहा है। रेन सिन कान कराटे छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में तथा वर्सेटाइल मार्शल आर्ट संगठन छत्तीसगढ़ के सहयोग से आयोजित यह तीन दिवसीय कराटे महोत्सव 23, 24 एवं 25 दिसंबर 2025 को संपन्न हो रहा है।
इस प्रतिष्ठित आयोजन में मानपुर-मोहला, राजनांदगांव, चांपा-जांजगीर, मुंगेली, कोरबा, रायपुर सहित प्रदेश के लगभग 13 जिलों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को राज्यस्तरीय पहचान प्रदान की है।
इस आयोजन के मुख्य आयोजक श्री रमाकांत एस. मिश्रा (मुख्य प्रशिक्षक एवं अध्यक्ष – रेन सिन कान कराटे छत्तीसगढ़) हैं, जबकि सहयोगी आयोजक श्री अखिलेश आदित्य (वर्सेटाइल मार्शल आर्ट संगठन छत्तीसगढ़) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से यह आयोजन छत्तीसगढ़ में कराटे खेल को नई दिशा देने वाला एक सशक्त मंच बनकर उभरा है।
तीन दिवसीय इस कराटे फेस्ट के अंतर्गत कराटे प्रशिक्षण शिविर, आधिकारिक कोचिंग एवं रेफरीशिप, कुमिते चैंपियनशिप के साथ-साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को रतनपुर के प्रमुख ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों—राजा का गज किला, महामाया मंदिर, भैरव बाबा मंदिर, पंचमुखी प्राचीन शिवलिंग, राम टेकरी, लक्ष्मी देवी मंदिर एवं गिरजावन हनुमान मंदिर—के दर्शन का अवसर भी प्राप्त हुआ।
आज समापन अवसर पर प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। कुमिते चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर मेडल एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही अनुशासन एवं उत्कृष्ट आचरण के लिए चयनित विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
प्रशिक्षकों के सम्मान हेतु भी विशेष व्यवस्था की गई है। प्रशिक्षक को ट्रैकसूट तथा खेलो इंडिया टी-शर्ट प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त सभी प्रशिक्षकों को टीम मेमेंटो, विशेष पुरस्कार, शॉल/दुपट्टा, कोच प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, बैज एवं रिटर्न गिफ्ट देकर सम्मानित किया जाएगा।
