वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास: 14 साल की उम्र में घरेलू क्रिकेट में बनाया नया रिकॉर्ड

============================
पटना: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के लिए मंगलवार का दिन बेहद खास रहा, जब 14 वर्ष 250 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने घरेलू क्रिकेट में अपना पहला शतक लगाते हुए इतिहास का नया अध्याय लिख दिया। महाराष्ट्र के खिलाफ कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन में वैभव ने न केवल प्रभावी बल्लेबाजी की, बल्कि पूरे आत्मविश्वास के साथ 7 चौके 7 छक्के लगाकर नाबाद 108 रनों की पारी से बिहार का मान बढ़ाया है।
वैभव की इस पारी ने बिहार क्रिकेट के भविष्य को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम किया है। बिहार क्रिकेट संघ के अध्यक्ष श्री हर्षवर्धन ने वैभव की इस उपलब्धि पर अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और कहा कि “वैभव सूर्यवंशी जिस तरह लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, वह बिहार क्रिकेट के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।”
वैभव सूर्यवंशी का यह प्रदर्शन इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि पिछले कुछ दिनों से उनका फॉर्म चर्चा में था, लेकिन इस शतक ने स्पष्ट कर दिया कि वैभव अपने खेल में और निखार के साथ मैदान पर लौट आए हैं। अब वैभव 12 दिसंबर से दुबई में होने वाले अंडर-19 एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे, और यह शतक उनके आत्मविश्वास को नई दिशा देने वाला है।
