पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड टाउनशिप में बनेगा 651 एकड़ का स्पोर्ट्स हब, विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं पर जोर

पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड टाउनशिप में बनेगा 651 एकड़ का स्पोर्ट्स हब, विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं पर जोर

पटना में प्रस्तावित पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप को आधुनिक शहरी सुविधाओं के साथ-साथ विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं से लैस करने की तैयारी है। नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में टाउनशिप में स्पोर्ट्स सिटी सहित विभिन्न खेल सुविधाओं के विकास पर विस्तृत चर्चा की गई।
योजना के तहत टाउनशिप में कुल 651 एकड़ क्षेत्र खेल गतिविधियों और खेल अवसंरचना के लिए निर्धारित किया गया है। इसमें करीब 225 एकड़ में स्पोर्ट्स सिटी, 187 एकड़ में गोल्फ कोर्स और 239 एकड़ में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने का प्रस्ताव है।
खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने प्रस्तावित खेल सुविधाओं को ओलंपिक मानकों के अनुरूप विकसित करने पर जोर दिया। उनका कहना है कि इससे बिहार में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए बेहतर आधारभूत संरचना तैयार होगी और राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण एवं प्रतिस्पर्धा के अवसर मिलेंगे।
बैठक में यह भी कहा गया कि राज्य की प्रस्तावित 12 ग्रीनफील्ड टाउनशिप में खेल सुविधाओं के लिए आवश्यक भूमि को चिन्हित किया जाएगा, ताकि भविष्य में हर टाउनशिप में बेहतर खेल अवसंरचना विकसित की जा सके।
सरकार का लक्ष्य है कि पाटलिपुत्र टाउनशिप को आधुनिक सुविधाओं के साथ बिहार में खेल और खिलाड़ियों के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *